Tuesday , August 18 2026

अमिताभ बच्चन ने यूपी पुलिस के एंथम की तारीफ में पढ़े कसीदे, खाकी को बताया जमीन का सितारा

उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ की इन दिनों खूब चर्चा हो रही है। करीब 6.5 मिनट के इस एंथम को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी सराहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर यूपी पुलिस की ओर से साझा किए गए वीडियो को री-पोस्ट करते हुए खाकी वर्दी में सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों को खास अंदाज में सलाम किया।

अमिताभ बच्चन ने क्या कहा?

अमिताभ बच्चन ने अपने एक्स अकाउंट पर एंथम का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर जमीन पर। खाकी का सितारा।’ उनके इस संदेश के बाद एंथम एक बार फिर चर्चा में आ गया।

एंथम में दिखी यूपी पुलिस की अलग-अलग भूमिकाएं

‘खाकी का सितारा’ में उत्तर प्रदेश पुलिस की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, तकनीक, आपदा राहत और जनसेवा से जुड़ी जिम्मेदारियों को दिखाया गया है। एंथम में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के साथ उनके मानवीय पक्ष को भी सामने लाने का प्रयास किया गया है।

इस वीडियो को तैयार करने में एक साल से अधिक समय लगा। इसकी शूटिंग महाकुंभ 2025 से लेकर स्वतंत्रता दिवस 2026 तक अलग-अलग मौकों और परिस्थितियों में की गई।

अमिताभ बच्चन, शंकर महादेवन और आलोक श्रीवास्तव का योगदान

एंथम को अमिताभ बच्चन की आवाज, पद्मश्री शंकर महादेवन के स्वर और संगीत तथा कवि-गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शब्दों ने खास बनाया है। अभिनेता करण आनंद भी वीडियो में पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आते हैं।

14 अगस्त को हुआ था लॉन्च

‘खाकी का सितारा’ का औपचारिक लॉन्च 14 अगस्त को लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। कार्यक्रम में शंकर महादेवन, नाना पाटेकर, आलोक श्रीवास्तव और करण आनंद समेत कई कलाकार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

एंथम के जरिए पुलिस की सख्ती के साथ उसकी संवेदनशीलता और जनसेवा की भूमिका को भी रेखांकित किया गया है। इसका संदेश है कि खाकी केवल वर्दी नहीं, बल्कि सुरक्षा, सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

Check Also

वायरल हुआ रवि किशन का डांस वीडियो, पैपराजी के साथ थिरके अभिनेता; पीछे दिखे मुन्ना-गुड्डू

इन दिनों अपने वायरल डांस स्टेप्स और सोशल मीडिया पर बन रहे मीम्स को लेकर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *