कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास को लंदन जाने से रोके जाने के मामले में केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट में अहम जानकारी दी है। केंद्र ने गुरुवार को अदालत को बताया कि सौरव दास के खिलाफ मुंबई पुलिस के अनुरोध पर लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था। इसी वजह से उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर विदेश जाने से रोक दिया गया था। अदालत ने केंद्र से मामले में विस्तृत जवाब मांगा है और अगली सुनवाई 9 दिसंबर को तय की है।
पासपोर्ट की विसंगतियों पर केंद्र ने दी जानकारी
केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) चेतन शर्मा ने न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ को बताया कि सौरव दास के पासपोर्ट में पाई गई विसंगतियों का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। केंद्र के स्थायी वकील आशीष दीक्षित के साथ अदालत में मौजूद शर्मा ने स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ एलओसी मुंबई पुलिस के अनुरोध पर जारी किया गया था।
23 नवंबर को जारी हुआ था लुक आउट सर्कुलर
सुनवाई के दौरान केंद्र के वकील ने बताया कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को सौरव दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। इसके साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस भी भेजा गया है, जिसका जवाब दास की ओर से अभी तक नहीं दिया गया है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर मामले में विस्तृत जवाब देने को कहा है। अदालत में इस मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी।
सौरव दास ने सरकार के कदम को दी चुनौती
सौरव दास ने विदेश यात्रा रोके जाने के सरकार के कदम को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उनकी ओर से अदालत में दलील दी गई कि उन्हें लुक आउट सर्कुलर जारी होने की कोई पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी। साथ ही, उन्हें यह भी नहीं बताया गया कि सर्कुलर किस कारण और उद्देश्य से जारी किया गया है।
याचिका के मुताबिक, उन्हें 23 नवंबर की रात दिल्ली एयरपोर्ट पर बिना किसी स्पष्ट कारण के रोक दिया गया था।
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में देना था व्याख्यान
सौरव दास लंदन में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उन्हें वहां ‘कॉकरोच मूवमेंट’ विषय पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया था। हालांकि, उड़ान में सवार होने से ठीक पहले उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर रोक लिया गया, जिसके बाद उन्होंने इस मामले में हाईकोर्ट का रुख किया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi