मेरठ के आबूलेन स्थित होटल में गाजियाबाद निवासी युवती को दो दिन तक बंधक बनाकर मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी सलमान को लोहिया नगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए टीम पर फायरिंग की। इसके बाद भागने के दौरान वह निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
नारहेड़ा के पास पुलिस ने की घेराबंदी, आरोपी ने की फायरिंग
एसएसपी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी सिटी के निर्देशन में लोहिया नगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि युवती से जुड़े मामले में वांछित सलमान नारहेड़ा गांव के पास छिपा हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर ली। पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर सलमान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह भागने लगा।
निर्माणाधीन पुल से गिरकर घायल हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, सलमान घिरता देखकर निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर भागने लगा। इसी दौरान वह पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोटें आईं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय, मेरठ भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ और बरामदगी से जुड़े तथ्यों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट में दर्ज था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, सलमान पुत्र इमामुद्दीन, उम्र 29 वर्ष, के खिलाफ सदर बाजार थाने में मुकदमा संख्या 273/2026 दर्ज है। इसमें दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ रोहटा थाने में हत्या के प्रयास समेत कई अन्य गंभीर मामले भी दर्ज हैं। इसके अलावा गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में भी बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
होटल में युवती को दो दिन बंधक बनाकर रखने का आरोप
मामला मेरठ के सदर थाना क्षेत्र स्थित आबूलेन के एक होटल का है। आरोप है कि सलमान ने गाजियाबाद निवासी युवती को होटल में दो दिन तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ मारपीट की। बाद में युवती को होटल से बाहर सड़क पर लाकर पीटा गया था। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और संबंधित होटल को सील कर दिया था।
होटल को सीज कराने के लिए मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) और संबंधित बोर्ड को प्रस्ताव भेजने की तैयारी की जा रही है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही थी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi