Wednesday , November 25 2026
Breaking News

रामायण का हॉलीवुड में बजा डंका, ऑस्कर की वीएफएक्स रेस में ‘द ओडिसी’ और ‘एवेंजर्स-डूम्सडे’ के साथ शामिल

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘रामायण’ अपने शानदार विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स) को लेकर लगातार चर्चा में है। अब फिल्म ने 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स की विजुअल इफेक्ट्स श्रेणी में टॉप 20 दावेदारों में जगह बना ली है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का मुकाबला हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों से होने वाला है, जिनमें ‘द ओडिसी’, ‘एवेंजर्स-डूम्सडे’ और ‘ड्यून-पार्ट थ्री’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ‘रामायण-राइज ऑफ ए लेजेंड’ 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स की विजुअल इफेक्ट्स श्रेणी में टॉप 20 कंटेंडर्स में शामिल हो गई है। फिल्म के वीएफएक्स को दर्शकों की ओर से पहले ही काफी सराहना मिल चुकी है। अब ऑस्कर की दौड़ में शामिल होने के बाद फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
वोटिंग के अगले चरण में पहुंची फिल्म
कई सूत्रों ने वैरायटी को बताया कि एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) की विजुअल इफेक्ट्स ब्रांच ने थैंक्सगिविंग हॉलिडे से पहले अगले चरण में आगे बढ़ने वाली 20 फिल्मों की सूची तैयार की है। इन फिल्मों को अब वोटिंग के अगले दौर में शामिल किया गया है।

हालांकि, ‘रामायण’ अभी ऑस्कर के फाइनल नॉमिनेशन तक नहीं पहुंची है। अगर फिल्म आगे चलकर आधिकारिक शॉर्टलिस्ट और फिर अंतिम नामांकन में जगह बनाने में सफल रहती है, तो यह भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों से होगा मुकाबला
ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स श्रेणी में टॉप 20 फिल्मों में जगह बनाने के बाद ‘रामायण’ का मुकाबला हॉलीवुड की कई चर्चित फिल्मों से है। इस सूची में डेनिस विलेन्यूवे की ‘ड्यून-पार्ट थ्री’, क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’, फिल लॉर्ड और क्रिस्टोफर मिलर की ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’, स्टीवन स्पीलबर्ग की ‘डिस्क्लोजर डे’ और मार्वल स्टूडियोज की ‘एवेंजर्स-डूम्सडे’ शामिल हैं।

डिज्नी चार फिल्मों की एंट्री के साथ सूची में सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि, एकेडमी की ओर से इस सूची की आधिकारिक घोषणा और पुष्टि अभी नहीं की गई है।
दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन कर रही ‘रामायण’
फिल्म ‘रामायण’ पांच नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और भारत में 1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं।
‘आरआरआर’ भी पहुंची थी टॉप 20 में
इससे पहले साल 2023 में एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ भी 95वें एकेडमी अवॉर्ड्स की विजुअल इफेक्ट्स श्रेणी में टॉप 20 दावेदारों में शामिल हुई थी। हालांकि, फिल्म इस श्रेणी में अंतिम नामांकन तक नहीं पहुंच सकी थी। लेकिन फिल्म के गाने ‘नाटू नाटू’ ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीतकर इतिहास रच दिया था। यह ऑस्कर जीतने वाला पहला भारतीय गाना बना था।
कब होंगे 99वें ऑस्कर अवॉर्ड्स?
ऑस्कर शॉर्टलिस्ट के लिए वोटिंग सात दिसंबर से शुरू होकर 11 दिसंबर तक होगी। सभी श्रेणियों की शॉर्टलिस्ट का एलान 15 दिसंबर को किया जाएगा। इसके बाद फाइनल नॉमिनेशन 21 जनवरी को घोषित होंगे।

99वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 14 मार्च को हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में किया जाएगा।

Check Also

श्रेया के लाइव कॉन्सर्ट में श्रद्धा कपूर ने गाया ‘आशिकी 2’ का गाना, फैंस को याद आया फिल्म का रोमांटिक अंदाज

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने सिंगर श्रेया घोषाल के कॉन्सर्ट में पहुंचकर फैंस को खास ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *