अभिनेत्री शरवरी वाघ ने अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। फिल्मों में अभिनेत्री बनने का सपना लेकर आईं शरवरी को शुरुआत में निराशा हाथ लगी थी। उन्होंने फिल्म ‘प्यार का पंचनामा 2’ के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन उनका चयन नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने हार मानने के बजाय फिल्म के निर्देशक लव रंजन से असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करने का मौका मांगा और यहीं से उनके करियर को नई दिशा मिली।
‘प्यार का पंचनामा 2’ के ऑडिशन में हुई थीं रिजेक्ट
शरवरी हाल ही में माधुरी दीक्षित के क्विज रियलिटी शो ‘कोण होणार करोड़पति’ में पहुंचीं। यहां उन्होंने अपने शुरुआती करियर और फिल्म इंडस्ट्री में आने के संघर्ष के बारे में बताया। शरवरी ने बताया कि वह शुरुआत में अभिनेत्री बनना चाहती थीं और इसी सपने के साथ उन्होंने ‘प्यार का पंचनामा 2’ के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन उन्हें फिल्म में काम करने का मौका नहीं मिला।
शरवरी ने इस किस्से को याद करते हुए बताया कि ऑडिशन में चयन न होने के बाद उन्होंने निर्देशक लव रंजन से पूछा कि क्या वह उनकी असिस्टेंट बन सकती हैं। लव रंजन ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें कोई काम आता है, जिस पर शरवरी ने साफ कहा कि उन्हें कुछ भी नहीं आता।
इसके बावजूद लव रंजन ने उन्हें काम करने का मौका दिया और फिल्म निर्माण से जुड़ी चीजें सिखाईं। शरवरी के मुताबिक, यह अवसर उनके करियर के लिए बेहद अहम साबित हुआ।
तीन फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर किया काम
शरवरी ने बताया कि उन्होंने अपने शुरुआती दिनों में तीन फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। इनमें लव रंजन की फिल्म ‘प्यार का पंचनामा 2’, संजय लीला भंसाली की ‘बाजीराव मस्तानी’ और लव रंजन की ही ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ शामिल हैं।
इन फिल्मों में पर्दे के पीछे काम करते हुए उन्होंने फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझा। इस अनुभव ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का मौका दिया और आगे चलकर अभिनय करियर की राह भी मजबूत की।
आयुष्मान खुराना के साथ आएंगी नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो शरवरी अब निर्देशक सूरज आर. बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म एक पारिवारिक रोमांटिक ड्रामा है।
फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन और स्वानंद किरकिरे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi