Sunday , November 22 2026

मिस यूनिवर्स वियतनाम 2026: क्विन आन्ह गुयेन से आयोजकों ने वापस लिया ताज, अनुबंध उल्लंघन समेत ये वजहें आईं सामने

ब्यूटी पेजेंट की दुनिया से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मिस यूनिवर्स वियतनाम 2026 का खिताब जीतने वाली क्विन्ह एन गुयेन से उनका ताज वापस ले लिया गया है। खास बात यह है कि खिताब जीतने के महज 48 दिन बाद ही आयोजकों ने उन्हें पद से हटाने का फैसला किया। निजी चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने और निलंबन के नियमों का पालन नहीं करने के आरोपों के चलते यह कार्रवाई की गई है।
निजी चैट के स्क्रीनशॉट से शुरू हुआ विवाद
क्विन्ह एन गुयेन ने 2 अक्तूबर को हाई फोंग में मिस यूनिवर्स वियतनाम 2026 का ताज अपने नाम किया था। हालांकि, जीत के कुछ ही दिनों बाद वह विवादों में घिर गईं। अक्तूबर में क्विन्ह और प्रतियोगिता की पहली रनर-अप ट्रिन्ह माई एन के बीच हुई निजी बातचीत के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

इन स्क्रीनशॉट में साथी प्रतियोगियों और प्रतियोगिता से जुड़े कुछ लोगों के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां किए जाने का दावा किया गया था। विवाद बढ़ने के बाद आयोजक कंपनी फाइव6 एंटरटेनमेंट ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के बाद 25 अक्तूबर को क्विन्ह को छह महीने के लिए प्रतियोगिता से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेने से निलंबित कर दिया गया था। इस विवाद के सामने आने के बाद क्विन्ह ने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी थी।
निलंबन के बाद भी कार्यक्रमों में शामिल होने का आरोप
फाइव6 एंटरटेनमेंट का आरोप है कि छह महीने के निलंबन के बावजूद क्विन्ह ने कंपनी की अनुमति के बिना कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और पेशेवर निमंत्रण स्वीकार किए। कंपनी के मुताबिक, उन्होंने दूसरी मैनेजमेंट कंपनी के कार्यक्रम में भी भाग लिया। इसके अलावा, आयोजकों से पहले बातचीत किए बिना एक विशेष अनुबंध की घोषणा भी कर दी।

आयोजक कंपनी का कहना है कि क्विन्ह की इन गतिविधियों से कई तरह की गलतफहमियां पैदा हुईं और प्रतियोगिता की छवि को भी नुकसान पहुंचा। वहीं, क्विन्ह ने संगठन को बताया था कि उन्हें आराम करने और मानसिक स्वास्थ्य के लिए इलाज कराने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार अनुबंध की जिम्मेदारियां निभाने की स्थिति में नहीं हैं।
अब किसे मिलेगा मिस यूनिवर्स वियतनाम का ताज?
18 नवंबर को आयोजकों ने क्विन्ह एन गुयेन से आधिकारिक तौर पर खिताब वापस लेने का फैसला किया। हालांकि, उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा अभी नहीं की गई है।

क्विन्ह ने 2018 में ‘द फेस वियतनाम’ प्रतियोगिता में पहली रनर-अप बनकर पहचान बनाई थी। इसके बाद 2021 में उन्होंने एशियन सुपरमॉडल प्रतियोगिता भी जीती थी। लेकिन इस बार मिस यूनिवर्स वियतनाम का उनका सफर विवादों के चलते महज 48 दिनों में समाप्त हो गया।

Check Also

मनोज तिवारी ने फिर रचाई शादी! दूल्हे के लिबास में आए नजर, दिव्यांका समेत कई सेलेब्स का दिखा खास अंदाज

भोजपुरी अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी इन दिनों रियलिटी शो ‘धमाल विद पति पत्नी और ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *