उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मुख्यमंत्री कई बार रूमाल से आंसू पोंछते नजर आए। इसके बाद उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम यात्रा पंचूर गांव से हरिद्वार के चंडीघाट पहुंची, जहां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। सीएम योगी के छोटे भाई ने मुखाग्नि दी।
मां के अंतिम दर्शन के दौरान छलक पड़े आंसू
सावित्री देवी का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। मां के निधन की खबर मिलने के बाद से ही मुख्यमंत्री परिवार के बीच मौजूद थे। शनिवार को अंतिम दर्शन के दौरान वह कुछ देर तक मां के पार्थिव शरीर के पास खड़े रहे और एकटक उन्हें निहारते रहे। इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने परिजनों और मां की देखभाल करने वालों से उनके अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली।
रातभर पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे सीएम योगी
बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। मां के निधन से वह काफी भावुक थे। शनिवार को मां की अंत्येष्टि और अन्य पारिवारिक रस्में पूरी करने के बाद उन्हें लखनऊ लौटना था।
अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर 2:15 बजे तक उत्तराखंड में रहने वाले थे। इसके बाद उन्हें लखनऊ के लिए रवाना होना था। लखनऊ में शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शामिल होना था।
लंबे समय से बीमार थीं सावित्री देवी
सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रहीं थीं। पिछले तीन वर्षों से अधिक परेशानी होने के कारण उन्हें एक बार एम्स ऋषिकेश और एक बार जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां को देखने अस्पताल पहुंचे थे।
योगी आदित्यनाथ बीती 7 मई को पंचूर गांव पहुंचे थे और 8 मई को वापस चले गए थे। उस दौरान उन्होंने अपनी मां से मुलाकात की थी। परिजनों के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार स्थित चंडी घाट पर किया गया। यह पंचूर गांव का पैतृक घाट है।
गांव में उमड़े रिश्तेदार और ग्रामीण
सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलते ही पंचूर गांव में नाते-रिश्तेदारों और ग्रामीणों का पहुंचना शुरू हो गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मुख्यमंत्री योगी भी मां के निधन की खबर मिलने के बाद गांव पहुंचे और अंतिम दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने परिजनों से बातचीत की और मां को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री योगी के लिए दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख है। इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और मुख्यमंत्री के दायित्वों के चलते वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।
गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शोकसभा आयोजित की गई।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi