रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी सोमवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और धाम को पांच करोड़ रुपये दान दिए। विश्वनाथ धाम में अंबानी परिवार की ओर से किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा दान है। इसके बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा के मंदिर में भी दर्शन किए और एक करोड़ रुपये दान दिए।
पिछले तीन साल में अंबानी परिवार की ओर से बाबा विश्वनाथ धाम को कुल 8.51 करोड़ रुपये दान किए जा चुके हैं। सोमवार को अनंत अंबानी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन के साथ ही मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
गेट नंबर चार से मंदिर पहुंचे अनंत अंबानी
अनंत अंबानी सोमवार शाम करीब पांच बजे काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। उनकी कार मंदिर के गेट नंबर चार के सामने रुकी, जिसके बाद वह पैदल मंदिर परिसर में प्रवेश कर गर्भगृह तक पहुंचे। यहां उन्होंने करीब पांच मिनट तक बाबा विश्वनाथ का पूजन किया और आशीर्वाद लिया।
दर्शन के बाद अनंत अंबानी ने मंदिर के अधिकारियों से बातचीत की और धाम की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान मंदिर के पुजारियों ने उन्हें रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्रम भेंट किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर के लिए पांच करोड़ रुपये का दान दिया।
मां अन्नपूर्णा के मंदिर में किया विशेष पूजन
अनंत अंबानी ने सोमवार को मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। यहां उन्होंने एक करोड़ रुपये दान किए। मंदिर में 21 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा कराई। मंदिर के अर्चक पं. पप्पू ने विशेष कुमकुमार्चन पूजन कराया।
अनंत अंबानी ने मां अन्नपूर्णा के श्रीचरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद उन्हें माता का प्रसाद और अंगवस्त्रम भेंट किया गया।
तीन साल में छह बार काशी पहुंच चुका है अंबानी परिवार
अंबानी परिवार पिछले तीन साल में छह बार बाबा विश्वनाथ धाम पहुंच चुका है। सोमवार से पहले अनंत अंबानी इसी साल 16 जून को काशी आए थे। उस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए, सप्तऋषि आरती में शामिल हुए और मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी दर्शन किए थे। उन्होंने उस समय एक करोड़ रुपये का दान दिया था।
पिछले साल 28 मई को अनंत अंबानी के बड़े भाई आकाश अंबानी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर एक करोड़ रुपये दान किए थे।
24 जून 2024 को अनंत अंबानी की मां नीता अंबानी और पिता मुकेश अंबानी विवाह का पहला निमंत्रण पत्र लेकर काशी पहुंचे थे। उन्होंने अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के विवाह का निमंत्रण बाबा विश्वनाथ के चरणों में अर्पित किया था और 1.51 करोड़ रुपये दान दिए थे।
इससे पहले एक फरवरी 2023 को अनंत अंबानी ने 24 घंटे के भीतर दो बार बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजन किया था।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi