Tuesday , November 24 2026

उत्तराखंड में चुनावी मैदान में उतरने का इंतजार, राहुल-प्रियंका के कार्यक्रम तय न होने से अटका कांग्रेस का अभियान

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। पिछले दस साल से सत्ता से बाहर कांग्रेस इस बार प्रदेश में वापसी की रणनीति पर काम कर रही है, लेकिन पार्टी का चुनावी प्रचार अभी गति नहीं पकड़ पा रहा है। प्रदेश कांग्रेस को राष्ट्रीय नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की रैलियों की तारीखों का इंतजार है।

कांग्रेस ने चुनावी माहौल बनाने के लिए पौड़ी, अल्मोड़ा और हरिद्वार में पार्टी के शीर्ष नेताओं की रैलियां कराने का प्रस्ताव अक्तूबर में राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा था। हालांकि, अब तक इन कार्यक्रमों के लिए तारीख तय नहीं हो पाई है। इसके चलते प्रदेश कांग्रेस की प्रचार अभियान को आगे बढ़ाने की योजना फिलहाल अटकी हुई है।

इससे पहले 17 जुलाई 2026 को छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी देहरादून पहुंचे थे। वहीं, चार जून को अल्मोड़ा और पौड़ी में प्रस्तावित कार्यक्रम खराब मौसम के कारण रद्द हो गए थे। उस दिन राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट से वापस लौट गए थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल कई बार राष्ट्रीय नेतृत्व से रैलियों का कार्यक्रम तय करने का आग्रह कर चुके हैं। प्रदेश संगठन चुनाव प्रचार में तेजी लाने के लिए बड़े नेताओं के कार्यक्रमों की प्रतीक्षा कर रहा है।
भाजपा चुनावी तैयारी में जुटी, बूथ स्तर पर बना रही रणनीति
दूसरी ओर, भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियों में जुटी है। पार्टी बूथ स्तर तक पहुंचने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय नेता भी लगातार प्रदेश का दौरा कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं और चुनावी रणनीति को मजबूत बनाने में जुटे हैं।
प्रदेश प्रभारी सैलजा लगातार कर रहीं दौरे
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी लगातार प्रदेश का दौरा कर पार्टी नेताओं के साथ चुनावी रणनीति तैयार कर रही हैं। वह पार्टी के कार्यक्रमों के साथ विरोध प्रदर्शनों में भी शामिल हो रही हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस भ्रष्टाचार और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रही है, लेकिन राष्ट्रीय नेताओं के कार्यक्रम तय नहीं होने से चुनावी प्रचार को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के मुताबिक, आगामी चुनाव को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर रैलियां कराने का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रदेश संगठन इसकी तैयारी कर रहा है। राष्ट्रीय नेताओं का समय मिलते ही रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

Check Also

कन्नौज में टूर पर निकले बच्चों की बस हादसे का शिकार, ट्रक से टक्कर में चार की मौत; 20 घायल

कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बच्चों को ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *