देवरिया में गोरखपुर रोड स्थित ढहाई गई मजार को लेकर पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व डीएम दिव्या मित्तल ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल के दौरान मजार गिराने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया गया था। इस पर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने पलटवार करते हुए कहा कि संबंधित मजार अवैध थी और उसे गिराया जाना जरूरी था। उन्होंने पूर्व डीएम के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक समय मजार गिराने और दूसरे समय उसके नाम पर भावुकता जताने का रुख उचित नहीं है।
मजार गिराने के लिए दबाव बनाने का लगाया आरोप
पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने एक पॉडकास्ट में दावा किया कि देवरिया में जिलाधिकारी रहते हुए उनसे मजार पर बुलडोजर चलाने के लिए लगातार कहा जा रहा था। उनसे सवाल किया जाता था कि दूसरे जिलों में मस्जिदों और मजारों पर कार्रवाई हो रही है, तो देवरिया में ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा है।
दिव्या मित्तल के अनुसार, मजार कमेटी की ओर से अतिक्रमण पहले ही हटा लिया गया था, इसके बावजूद मजार गिराने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने इस मामले को एक जनप्रतिनिधि के वर्चस्व की लड़ाई से जोड़ते हुए दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मजार को गिरने नहीं दिया, लेकिन इसके बाद उनका तबादला हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि मजार आज भी मौजूद है और वहां रोजाना चादर चढ़ाई जाती है।
शलभ मणि ने पूर्व डीएम पर साधा निशाना
पूर्व डीएम के आरोपों पर सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अधिकारियों के बारे में कुछ नहीं कहना है, लेकिन कई अधिकारी हवा का रुख देखकर अपने तेवर बदल लेते हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब नौकरी बचाने की जरूरत थी, तब मजार ढहा दी गई और अब राजनीति की जरूरत है तो मजार के नाम पर आंसू बहाए जा रहे हैं।
विधायक बोले- मजार अवैध थी, कार्रवाई जरूरी थी
शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि उनके मुताबिक संबंधित मजार अवैध थी और उसे गिराया जाना जरूरी था। इसी वजह से कार्रवाई कराई गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी के दबाव में अच्छा काम हुआ तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि, उन्होंने पूर्व डीएम के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक समय मजार गिराने और दूसरे समय उसके नाम पर भावुकता जताने की बात करना उचित नहीं है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi