Thursday , November 26 2026
Breaking News

आईआरसीटीसी केस में लालू-राबड़ी और तेजस्वी को झटका, दिल्ली हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले में दखल से किया इनकार

दिल्ली हाईकोर्ट ने आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव को बड़ा झटका दिया है। गुरुवार को अदालत ने तीनों की याचिकाएं खारिज करते हुए उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप तय करने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा। तीनों ने निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी थी।

जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की एकल पीठ ने आरोप तय करने के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। यह आदेश राऊज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने 13 अक्तूबर 2025 को पारित किया था।
ट्रायल कोर्ट ने 2025 में तय किए थे आरोप
ट्रायल कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी से जुड़े अपराधों में आरोप तय करने का निर्देश दिया था। लालू परिवार ने इस आदेश की वैधता पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।

याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई थी कि अभियोजन पक्ष उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला साबित करने में विफल रहा है। राबड़ी देवी ने आरोप तय करने के फैसले को अनुमानों पर आधारित बताया था, जबकि तेजस्वी यादव ने भी पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने का तर्क दिया था।
कपिल सिब्बल ने क्या दलील दी?
सुनवाई के दौरान लालू प्रसाद यादव की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने दलील दी थी कि अभियोजन की मंजूरी मिलने से पहले ही चार्जशीट दाखिल कर दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि कथित लेनदेन सरकारी नीति के अनुसार किए गए थे और इसलिए उन्हें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध नहीं माना जा सकता।

हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट ने तीनों की याचिकाएं खारिज कर ट्रायल कोर्ट के आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा।
क्या है आईआरसीटीसी घोटाला मामला?
यह मामला 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे। अभियोजन पक्ष के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान आईआरसीटीसी के दो होटलों को नियमों का उल्लंघन कर लीज पर दिया गया था।

आरोप है कि होटल आवंटन में अनियमितताएं की गईं और इसके बदले लालू यादव के परिवार से जुड़ी कंपनी को लाभ पहुंचाया गया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दावा किया था कि होटल आवंटन की प्रक्रिया में कथित बेनामी व्यवस्था शामिल थी। मामले में लालू परिवार से जुड़ी कंपनी को करीब तीन एकड़ जमीन हस्तांतरित किए जाने का आरोप भी है।

दिल्ली हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ तय आरोपों पर ट्रायल कोर्ट में सुनवाई आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।

Check Also

भाजपा पर शिवपाल का हमला: बोले- हर वर्ग परेशान, सपा-कांग्रेस गठबंधन चुनाव में हासिल करेगा बड़ी जीत

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *