Tuesday , October 6 2026

बिग बॉस 20: घर में फिर छिड़ी जुबानी जंग, अमन से भिड़ीं लव गिल; काजी-स्काउट आमने-सामने

रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों लगातार ड्रामा और विवाद देखने को मिल रहे हैं। शो के मेकर्स ने आने वाले एपिसोड से जुड़े तीन प्रोमो जारी किए हैं। इनमें रीति तिवारी घरवालों को लेकर कई बातें बताती नजर आ रही हैं, जबकि लव गिल और अमन गांधी के बीच तीखी बहस होती दिख रही है। वहीं, एक अन्य प्रोमो में काजी तौकीर और स्काउट के बीच भी कहासुनी देखने को मिलती है।

रीति ने बताया बिग बॉस से क्या सीखा

रीति तिवारी शो से बाहर हो चुकी हैं। नए प्रोमो में वह रैपिड फायर राउंड के दौरान अपने बिग बॉस के अनुभव के बारे में बात करती नजर आईं। उन्होंने कहा कि शो में उन्हें धैर्य रखना, खुद को समझना और अपनी कमियों को स्वीकार कर उनमें सुधार करना सीखने को मिला।

रीति से जब पूछा गया कि वह घर के किन सदस्यों को सबसे ज्यादा याद करेंगी, तो उन्होंने गुल्लू, कनिका, काजी और मैरी कॉम का नाम लिया। वहीं, दोबारा बिग बॉस के घर में जाने का मौका मिलने पर उन्होंने कहा कि वह कुछ ऐसे लोगों को आईना दिखाना चाहेंगी, जिन्हें वह ‘दोगला’ और ‘फेक’ मानती हैं।

अमन गांधी और लव गिल में हुई तीखी बहस

दूसरे प्रोमो में अमन गांधी और लव गिल के बीच बहस होती नजर आ रही है। लव ने अमन पर पुरानी बातों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

इसके बाद अमन ने लव की बातों को ओवरएक्टिंग बताया। जवाब में लव ने भी पलटकर कहा कि वह ओवरएक्टिंग में भी बेहतर हैं। दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे तीखी होती गई और लव अमन पर जमकर भड़कती नजर आईं।

काजी और स्काउट भी आमने-सामने

तीसरे प्रोमो में स्काउट और काजी तौकीर के बीच भी कहासुनी देखने को मिल रही है। स्काउट ने काजी की कुछ हरकतों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें कोई समझाता है, लेकिन वह सुनते नहीं हैं।

बातचीत के दौरान स्काउट ने कहा कि इस दुनिया में कोई ऐसा पैदा नहीं हुआ जो उन्हें कैद कर सके। इस पर काजी ने जवाब दिया, ‘मैं हुआ हूं।’ दोनों के बीच हुई यह नोकझोंक अब शो के आगामी एपिसोड में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Check Also

सलमान के सवाल पर अरबाज ने नहीं दिया जवाब, वायरल वीडियो में अचानक उठकर जाते दिखे एक्टर

अभिनेता अरबाज खान हाल ही में मुंबई में एक जूलरी ब्रांड के कार्यक्रम में शामिल ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *