Wednesday , October 7 2026

दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला: आशा कार्यकर्ताओं का भत्ता दोगुना, शुरू हुईं कई स्वास्थ्य योजनाएं

दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने वाली आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते को दोगुना करने की घोषणा की है। अब दिल्ली की 6,690 आशा कार्यकर्ताओं को हर महीने तीन हजार रुपये के बजाय छह हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित आशा सम्मेलन-2026 और आशा सम्मान समारोह में यह घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान नवजात शिशुओं में 63 जन्मजात बीमारियों की स्क्रीनिंग, अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ नर्सिंग होम की ऑनलाइन निगरानी से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत की गई।

आशा कार्यकर्ताओं का भत्ता दोगुना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की अग्रिम पंक्ति में काम करती हैं। वे गर्भवती महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में बढ़ोतरी का मुद्दा करीब एक दशक से लंबित था। कोरोना महामारी के दौरान भी इन कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। अब उनकी प्रोत्साहन राशि दोगुनी कर उनके योगदान को सम्मान दिया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। साथ ही आगामी नवरात्रि उत्सव के दौरान उनके लिए विशेष डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।

24 से 72 घंटे में 63 बीमारियों की जांच

मिशन अनमोल के विस्तार के तहत अब नवजात शिशुओं में आनुवंशिक, मेटाबॉलिक और जन्मजात विकारों की पहचान के लिए जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर 63 बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी।

सरकार का लक्ष्य वार्षिक स्क्रीनिंग कवरेज को करीब 1.5 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख नवजातों तक करना है। अब तक 75 हजार से अधिक नवजातों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और 700 से अधिक बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया है।

अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था पर जोर

कार्यक्रम में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जीबी पंत अस्पताल में सोटो भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया। सरकार का कहना है कि यह केंद्र अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने में मदद करेगा।

मुख्यमंत्री ने अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं सोटो पोर्टल के माध्यम से देहदान के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों तक अंगदान का संदेश पहुंचाने की अपील की।

नर्सिंग होम का पंजीकरण होगा ऑनलाइन

सरकार ने नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल भी शुरू किया है। इसके माध्यम से नर्सिंग होम के पंजीकरण और नवीनीकरण जैसी प्रक्रियाएं ऑनलाइन की गई हैं। सरकार के अनुसार, इससे प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं का भत्ता बढ़ाना, मिशन अनमोल का विस्तार, सोटो केंद्र और नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल की शुरुआत दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक जन-केंद्रित और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में उठाए गए कदम हैं।

Check Also

आकाश आनंद को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी, मायावती बोलीं- अब सब कुछ सुचारू रहने की उम्मीद

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को दोबारा पार्टी में शामिल करने ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *