Friday , November 6 2026
Breaking News

KBC में अमिताभ ने खोला पुराना राज, नौकरी से छुट्टी लेकर करते थे ‘दीवार’ और ‘शोले’ की शूटिंग; सुनकर चौंके लोग

अमिताभ बच्चन की फिल्में ‘शोले’ और ‘दीवार’ आज भी दर्शकों के बीच खास लोकप्रिय हैं। दोनों फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों और अभिनय को खूब सराहा गया था। अब अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के एक खास कॉमेडी एपिसोड में उस दौर की शूटिंग से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है।

वरुण ग्रोवर ने पूछा शूटिंग से जुड़ा सवाल

शो के खास एपिसोड में गीतकार और लेखक वरुण ग्रोवर बतौर कंटेस्टेंट पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन से उनके शुरुआती करियर और एक साथ कई फिल्मों की शूटिंग को लेकर सवाल किया।

वरुण ने कहा कि साल 1975 में अमिताभ की ‘दीवार’, ‘शोले’ और ‘चुपके चुपके’ जैसी तीन बड़ी फिल्में आई थीं। तीनों फिल्मों में उनके किरदार एक-दूसरे से काफी अलग थे। उन्होंने अमिताभ से पूछा कि उस समय वह अलग-अलग फिल्मों की शूटिंग और किरदारों के बीच कैसे तालमेल बैठाते थे।

एक दिन में करते थे 2-3 फिल्मों की शूटिंग

अमिताभ बच्चन ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उस दौर में वह एक ही दिन में दो से तीन फिल्मों की शूटिंग किया करते थे। उन्होंने बताया कि इसके पीछे एक वजह नौकरी भी थी और फिल्म निर्माताओं के पास सीमित वित्तीय संसाधन होना भी।

बिग बी के मुताबिक, उस समय एक शिफ्ट सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक होती थी। इसके बाद दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10-11 बजे तक चलती थी।

अमिताभ ने आगे बताया कि जब एक साथ तीन फिल्मों की शूटिंग करनी होती थी, तो तीसरी शिफ्ट रात 10 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक होती थी।

अमिताभ की बात सुनकर दर्शकों ने बजाईं तालियां

अमिताभ बच्चन की यह बात सुनकर शो में मौजूद लोग हैरान रह गए। उनकी बात के बाद दर्शकों ने तालियां बजाकर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान बिग बी ने अपने करियर के उस दौर की व्यस्तता और काम करने के तरीके की झलक साझा की।

फिल्मों में भी सक्रिय हैं अमिताभ बच्चन

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को होस्ट कर रहे हैं। शो का प्रसारण सोनी चैनल पर होता है।

वहीं फिल्मों की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नाग अश्विन कर रहे हैं। फिल्म में प्रभास और कमल हासन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

Check Also

किंग खान के जन्मदिन पर अजय देवगन का खास अंदाज, पुरानी तस्वीर के साथ दी शुभकामनाएं; रितेश देशमुख ने लुटाया प्यार

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *