Thursday , November 5 2026

अधिवक्ता हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा: गोली लगने के बाद मोनू ने मांगा इंजेक्शन, सामने आई पूरी कहानी

जालौन के कालपी बार एसोसिएशन अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या के मुख्य आरोपी पवन यादव उर्फ मोनू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, बाइक और मोबाइल बरामद किया है।

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एक लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी पवन यादव उर्फ मोनू को मंगलवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर सोहरापुर गांव के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह दर्द से परेशान होकर पुलिसकर्मियों से कहने लगा, ‘बहुत दर्द हो रहा है, इंजेक्शन लगवा दो।’

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे हत्या की साजिश, सुपारी की रकम और वारदात के बाद हुए भुगतान को लेकर पूछताछ कर रही है।

घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग

पुलिस को मंगलवार देर रात सूचना मिली थी कि अधिवक्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी मोनू जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर मौजूद है। इसके बाद कालपी, उरई और कदौरा पुलिस के साथ स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामले के विवेचक सीओ राजेश कमल के अनुसार, हत्याकांड में मोनू की अहम भूमिका रही है। उसके खिलाफ बर्रा थाने में एक, गुजैनी थाने में तीन और कालपी थाने में एक मुकदमा दर्ज है। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं।

जमीन विवाद में दस लाख रुपये में तय हुई थी हत्या की सुपारी

जांच में सामने आया है कि कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या के पीछे जमीन का विवाद था। आरोप है कि कानपुर निवासी ठेकेदार इंद्रजीत यादव ने हत्या की साजिश रची थी और इसके लिए दस लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। पुलिस इस मामले में इंद्रजीत यादव को भी हिरासत में ले चुकी है।

गयादीन अहिरवार (68) का शनिवार शाम कालपी में कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद रविवार सुबह उनका खून से लथपथ शव कानपुर नगर के गुजैनी थाना क्षेत्र में गंभीरपुर गांव के पास नहर में मिला। घटना के बाद पुलिस ने सर्वेश शुक्ला, आशीष विश्वकर्मा और केशव कटियार को गिरफ्तार किया था। बाद में कार बरामद कराने के दौरान सर्वेश और आशीष पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए थे। हालांकि, मुख्य आरोपी मोनू फरार था।

पिता से कहा था- पापा, काम हो गया है, पूरे पैसे मंगा लो

पुलिस जांच में मोनू के पिता अजय कुमार यादव का एक मैसेज अहम सुराग बना। बताया गया कि हत्या के बाद मोनू ने अपने पिता को फोन कर कहा था, ‘पापा, काम हो गया है, पूरे पैसे मंगा लो।’ इसके बाद अजय कुमार ने कानपुर निवासी इंद्रजीत यादव के मोबाइल पर मैसेज भेजकर काम पूरा होने और भुगतान करने की बात कही थी।

पुलिस को जब यह मैसेज मिला तो जांच की कड़ियां जुड़ती चली गईं। बताया गया कि हत्या के बाद आरोपी शव को कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में नहर के पास फेंककर मोनू के घर पहुंचे थे। वहां मोनू ने अपने पिता से पूरे पैसे मंगाने की बात कही थी।

बेटे से कहा था- काम कर दिया तो जिंदगी बदल जाएगी

हत्याकांड की साजिश में इंद्रजीत यादव की भूमिका को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। बताया गया कि इंद्रजीत ने मोनू के पिता से कहा था कि अगर उनका बेटा यह काम कर देगा तो उसकी जिंदगी बदल जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दस लाख रुपये के सौदे में कितनी रकम का भुगतान किया गया और हत्या के बाद पैसे किसे दिए जाने थे।

अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग

इस हत्याकांड के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश है। पूर्व जिला बार संघ प्रत्याशी एवं प्रदेश जाटव महासभा के संचालक विशंभर दयाल जाटव की अध्यक्षता में एक सभा आयोजित की गई। इसका संचालन प्रदेश महासचिव जगदेव प्रसाद ने किया।

सभा में प्रांतीय अध्यक्ष रामशरण जाटव ने अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या की निंदा की। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की।

फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी मोनू से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस हत्या की पूरी साजिश, सुपारी की रकम, भुगतान और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने पर है।

Check Also

सादाबाद में भीषण अग्निकांड से दो मौतें: घर में सो रहे बुजुर्ग पति-पत्नी की आग में जलकर मौत, इलाके में शोक

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद कस्बे में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *