Thursday , November 5 2026

इस दिवाली ओटीटी पर होगा एंटरटेनमेंट का डबल डोज, शुक्रवार को रिलीज होंगी ये फिल्में और सीरीज

दिवाली के मौके पर मनोरंजन के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हो रही हैं। अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’, दुलकर सलमान की ‘आई एम गेम’ और पारिवारिक फिल्म ‘दिलवाली दिवाली’ समेत कई विकल्प दर्शकों के लिए उपलब्ध हैं। जानिए इस फेस्टिव वीकएंड पर कौन-सी फिल्म और सीरीज किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे।

दिवाली का त्योहार इस बार सिनेमा प्रेमियों के लिए भी खास रहने वाला है। जहां फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, वहीं घर बैठे मनोरंजन का आनंद लेने वालों के लिए ओटीटी पर कई नई फिल्में और सीरीज मौजूद हैं। इस फेस्टिव वीकएंड पर एनिमेशन, पारिवारिक ड्रामा, जासूसी थ्रिलर और एक्शन जैसी अलग-अलग विधाओं की फिल्में दर्शकों को देखने को मिलेंगी।

अगर आप दिवाली की छुट्टियों में परिवार के साथ घर पर फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो ओटीटी की यह लिस्ट आपके काम आ सकती है।

‘मिनियंस एंड मॉन्स्टर्स’

एनिमेशन और एडवेंचर कॉमेडी पसंद करने वालों के लिए ‘मिनियंस एंड मॉन्स्टर्स’ एक विकल्प है। यह फिल्म जुलाई 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब इसे ओटीटी पर देखा जा सकता है। फिल्म का निर्देशन पियरे कॉफिन और पैट्रिक डेलेज ने किया है। यह 2 नवंबर से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।

‘दिलवाली दिवाली’

दिवाली के मौके पर पारिवारिक मनोरंजन के लिए ‘दिलवाली दिवाली’ रिलीज हो रही है। रितेश मेनन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मिहिर आहूजा अंश सिक्का नाम के एक एनआरआई की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में मनोज पाहवा, नीलू कोहली और औरा भटनागर भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसे 4 नवंबर से नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।

फिल्म की कहानी अंश के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कई वर्षों बाद विदेश से अपने मिडिल-क्लास पंजाबी परिवार के पास लौटता है। उसने विदेश में रहकर परिवार की आर्थिक मदद की और उनकी जीवनशैली बेहतर बनाने की कोशिश की। हालांकि, घर लौटने पर उसका पुनर्मिलन उम्मीद के मुताबिक नहीं होता। पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं पर आधारित यह फिल्म दिवाली के मौके पर देखने के लिए एक विकल्प है।

‘ए डॉग्स परफेक्ट क्रिसमस’

परिवार के साथ हल्की-फुल्की फिल्म देखने की योजना बना रहे दर्शक ‘ए डॉग्स परफेक्ट क्रिसमस’ देख सकते हैं। यह फिल्म 4 नवंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है।

फिल्म की कहानी विन्स्टेड नाम के एक वफादार बैसेट हाउंड कुत्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने बिछड़े हुए परिवार को फिर से एक साथ लाने की कोशिश करता है। फिल्म में डेनिस क्वैड, मिलो वेंटिमिलिया, ब्रुक लीना जॉनसन, जेनिफर टिली और मैरी स्टीनबर्गेन नजर आएंगे।

‘ब्लैक डव्स’ सीजन 2

जासूसी और थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘ब्लैक डव्स’ का दूसरा सीजन भी इस वीकएंड रिलीज हो चुका है। डार्क कॉमेडी और स्पाई थ्रिलर से भरपूर इस सीरीज में हेलेन और सैम की कहानी आगे बढ़ेगी। इसका नया सीजन 5 नवंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है।

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ भी इस दिवाली वीकएंड पर ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब दर्शक इसे 6 नवंबर से सोनी लिव पर देख सकेंगे। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले हुआ है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की ‘द वन’

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ भी इस फेस्टिव वीकएंड पर ओटीटी पर रिलीज होगी। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद अब यह फिल्म 6 नवंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगी। फिल्म में छठ पर्व को महत्वपूर्ण तरीके से दिखाया गया है।

दुलकर सलमान की ‘आई एम गेम’

एक्शन और थ्रिलर फिल्मों के शौकीनों के लिए दुलकर सलमान की ‘आई एम गेम’ भी इस सप्ताह रिलीज हो रही है। फिल्म का निर्देशन नहास हिदायत ने किया है। इसे 6 नवंबर 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा।

बच्चों के लिए ‘मोटू पतलू एंड द मिस्ट्री ऑफ नागमणी’

दिवाली की छुट्टियों में बच्चों के साथ मनोरंजन करना चाहते हैं तो ‘मोटू पतलू एंड द मिस्ट्री ऑफ नागमणी’ देख सकते हैं। यह एनिमेटेड फिल्म 8 नवंबर को जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगी। खास बात यह है कि इसे हिंदी, तेलुगु, बंगाली, मलयालम, मराठी और कन्नड़ समेत कई भाषाओं में देखा जा सकेगा।

इस दिवाली ओटीटी पर दर्शकों के पास मनोरंजन के कई विकल्प हैं। परिवार के साथ देखने के लिए पारिवारिक फिल्में हों या रोमांच और एक्शन से भरपूर कहानियां, इस वीकएंड की रिलीज लिस्ट में हर तरह के दर्शकों के लिए कुछ न कुछ मौजूद है।

Check Also

बॉक्स ऑफिस पर जेलर 2 की रफ्तार तेज, 500 करोड़ पर निगाहें; उड़ता तीर की कमाई का भी जानें हाल

सिनेमाघरों में इन दिनों रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ का दबदबा कायम है। वीकएंड पर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *