बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश-विदेश में मौजूद उनके प्रशंसक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। वहीं, फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने भी सोशल मीडिया पर खास संदेश साझा कर किंग खान को जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेता अजय देवगन ने पुरानी तस्वीर के साथ शाहरुख को विश किया, जबकि रितेश देशमुख ने उन्हें दिलों का किंग बताया।
रितेश देशमुख ने शाहरुख को बताया दिलों का किंग
अभिनेता रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शाहरुख खान के साथ अपनी कुछ तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि शाहरुख उनके दिलों के किंग हैं और हमेशा रहेंगे। रितेश ने उनके दिन को प्यार और खुशियों से भरा रहने की कामना की।
उन्होंने शाहरुख की आगामी फिल्म ‘किंग’ का जिक्र करते हुए भी अपना उत्साह जाहिर किया। रितेश ने लिखा कि फिल्म में ब्लॉकबस्टर होने की पूरी झलक है और वह 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में इसका जादू देखने का इंतजार नहीं कर सकते।
अजय देवगन ने पुरानी तस्वीर के साथ दी बधाई
अभिनेता अजय देवगन ने भी शाहरुख खान को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘पिक्चर पुरानी है और दोस्ती भी… हैप्पी बर्थडे शाह रुख।’
अजय का यह संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। उनकी पोस्ट ने दोनों सितारों के पुराने संबंधों और दोस्ती की यादें ताजा कर दीं।
जेनेलिया देशमुख ने भी जताया प्यार
रितेश देशमुख की पत्नी और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने भी शाहरुख खान को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में शाहरुख के प्रति प्यार जाहिर किया और उनकी फिल्म ‘किंग’ का बेसब्री से इंतजार करने की बात कही। जेनेलिया ने अभिनेता को प्यार भरा संदेश भी भेजा।
शिल्पा शेट्टी ने शाहरुख को बताया अपना बाजीगर
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने शाहरुख खान के साथ एक तस्वीर साझा कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने शाहरुख को अपना ‘बाजीगर’ बताते हुए कहा कि किंग खान हर बार अपने अंदाज से लोगों का दिल जीत लेते हैं।
अनिल कपूर ने याद कीं पुरानी यादें
अभिनेता अनिल कपूर ने भी शाहरुख खान के साथ तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में दोनों के बीच हंसी-मजाक और साथ बिताए पलों को याद किया। अनिल कपूर ने शाहरुख के आकर्षण और लोकप्रियता की तारीफ करते हुए उनके लिए आगे भी खुशियों से भरे वर्षों की कामना की।
आयुष्मान, फराह और हिमेश ने भी किया विश
शाहरुख खान के जन्मदिन पर अभिनेता आयुष्मान खुराना, फिल्म निर्माता फराह खान और संगीतकार हिमेश रेशमिया ने भी शुभकामनाएं दीं।
आयुष्मान खुराना ने शाहरुख को जन्मदिन की बधाई दी। वहीं, फराह खान ने उनकी फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ का जिक्र करते हुए लिखा, ‘बर्थडे तुम्हारा… गिफ्ट हमारा।’ हिमेश रेशमिया ने भी शाहरुख को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए गाने की तारीफ की।
फिल्म ‘किंग’ को लेकर भी उत्साहित हैं प्रशंसक
शाहरुख खान के जन्मदिन पर उन्हें मिल रही शुभकामनाओं के साथ उनकी आगामी फिल्म ‘किंग’ भी चर्चा में है। रितेश और जेनेलिया देशमुख समेत कई सितारों ने फिल्म को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया है। ऐसे में जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर शाहरुख खान के लिए बधाइयों और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi