Monday , August 17 2026

अस्पताल जाने के नाम पर पत्नी को जंगल ले गया, रास्ते में रची हत्या की साजिश; ऐसे खुला राज

हरदोई में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी की पिटाई की, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात पति बेहतर इलाज के बहाने उसे अस्पताल से बाहर ले गया और मंगोलापुर के जंगल में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस ने पति और उसके भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पति के साथ रहने वाली दूसरी महिला का भी जिक्र

पुलिस के मुताबिक, मृतका कोमल की शादी करीब 17 साल पहले सत्यपाल यादव से हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। आरोप है कि कुछ वर्ष पहले सत्यपाल की नजदीकियां अपने बड़े भाई की साली से हो गई थीं और वह महिला के साथ रहने लगा था। इसके बाद कोमल अपने छोटे बच्चे के साथ संडीला में रहने लगी थी।

अस्पताल से ले जाकर जंगल में हत्या

बृहस्पतिवार शाम कोमल अपने बड़े बेटे के बुलाने पर लालपालपुर पहुंची थीं। आरोप है कि यहां सत्यपाल ने उनकी पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात सत्यपाल अपने भाई के साथ अस्पताल पहुंचा और बेहतर इलाज कराने की बात कहकर कोमल को अपने साथ ले गया। अगले दिन उसका शव मंगोलापुर के जंगल में मिला।

पोस्टमार्टम में मिले चोट के कई निशान

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। सिर पर डंडे से चोट और गले पर चाकू के वार के निशान भी बताए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

सीसीटीवी और सीडीआर से खुली सच्चाई

शव मिलने के बाद पुलिस ने पति से पूछताछ की। शुरुआत में उसने घटना की जानकारी से इनकार किया और दावा किया कि वह रात में घर पर सो रहा था। लेकिन अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच के बाद पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ। इसके बाद पूछताछ में मामला सामने आया।

Check Also

गाजा में बड़े पैमाने पर हमलों की वकालत, नेतन्याहू के मंत्री ने दिया विवादित बयान

इस्राइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने गाजा को लेकर एक बार फिर विवादित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *