मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सीतापुर से मूसलाधार बारिश के बीच अपने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को लेकर पहुंची रोली ने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।
बच्चे की बीमारी के बारे में जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने बच्चे के सिर पर हाथ फेरकर उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को इलाज का एस्टीमेट तत्काल मंगवाकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इलाज में आर्थिक मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक परेशानी बाधा नहीं बनेगी। सरकार जरूरतमंदों को इलाज के लिए लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से संबंधित एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
एक-एक कर सुनीं लोगों की समस्याएं
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने फरियाद लेकर पहुंचे लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाए।
पुलिस, राजस्व, चिकित्सा और जमीन से जुड़े मामलों में भी मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi