मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को युवाओं से माफिया और नशे से दूर रहने की अपील की। गोरखनाथ मंदिर परिसर में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में उन्होंने कहा कि शिक्षा, पेशेवर, खेल या ड्रग माफिया किसी भी रूप में युवा शक्ति के लिए बड़ा खतरा हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए। उन्होंने नशे के साथ-साथ स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल से भी बचने की सलाह दी और आत्म-अनुशासन को सफलता का आधार बताया।
500 और पदक विजेताओं को नौकरी
सीएम योगी ने खिलाड़ियों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में अगले एक महीने के भीतर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 500 और खिलाड़ियों को यूपी पुलिस समेत अन्य विभागों में सरकारी नौकरी दी जाएगी। इससे पहले 500 से अधिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान के साथ रोजगार के अवसर भी दिए जा रहे हैं।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गांवों में खेल मैदान, विकासखंड स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिलों में स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। निजी खेल अकादमियों को भी सहयोग देने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि पुराने अखाड़ों और उस्तादों को भी खेल सुविधाओं से जोड़ने के लिए पंजीकरण, निर्माण और मैटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जल्द आएगी नई युवा नीति
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार जल्द नई युवा नीति लेकर आने वाली है। इसके तहत युवाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्युदय कोचिंग को कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचाने तथा हर जिले में रोजगार और स्किलिंग से जुड़े एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की योजना है।
नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रग माफिया युवाओं को नशे की गिरफ्त में लेकर उनका भविष्य खराब करना चाहता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और रोजाना समय निकालकर शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क और सशक्त भारत का निर्माण होगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi