Monday , October 5 2026

सीएम योगी आज भदोही को देंगे बड़ी सौगात, 1340 करोड़ की परियोजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को भदोही दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 1340 करोड़ रुपये की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 440.84 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का लोकार्पण और 899.27 करोड़ रुपये की 47 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री चार दिवसीय 50वें इंटरनेशनल कारपेट एक्सपो का उद्घाटन करने के बाद भिखारीपुर मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

दोपहर 1:40 बजे पहुंचेंगे भदोही

जिला प्रशासन के प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे हेलिकॉप्टर से भिखारीपुर-अभयनपुर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वह कारपेट एक्सपो मार्ट जाकर अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले का उद्घाटन करेंगे।

एक्सपो के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री करीब 2:55 बजे भिखारीपुर में आयोजित जनसभा में पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद शाम करीब चार बजे हेलिकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में गंगा नदी पर 320.51 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित पुल का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा मुंशीलाटपुर में 209.18 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 574 बंदी क्षमता वाले नए जेल के निर्माण की आधारशिला रखेंगे।

पुरानी तहसील परिसर में बने नए अतिथि गृह का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित आवासीय परिसर का भी शिलान्यास होगा।

सुबह 10 से शाम पांच बजे तक रूट डायवर्जन

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए रविवार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जिले में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात विभाग के अनुसार जौनपुर और भदोही से वाराणसी जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

वाराणसी से भदोही और जौनपुर की ओर आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक न होने पर कारपेट एक्सपो मार्ट की ओर जाने वाले मार्गों से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

50वें इंटरनेशनल कारपेट एक्सपो में जुटेंगे विदेशी खरीदार

भदोही में चार दिवसीय 50वें इंटरनेशनल कारपेट एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। मेले में देशभर के 223 कालीन निर्यातकों ने स्टॉल लगाए हैं। आयोजकों के मुताबिक बड़ी संख्या में विदेशी खरीदारों ने भी मेले के लिए पंजीकरण कराया है।

इस आयोजन को भदोही के कालीन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेले में हैंडनॉटेड कालीन, दरियां, शैगी और हैंडलूम समेत विभिन्न प्रकार के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Check Also

उत्तराखंड: चंपावत में आज होगी पहली कैबिनेट बैठक, रोजगार और महिला कल्याण पर रह सकता है फोकस

उत्तराखंड गठन के करीब 26 साल बाद पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में राज्य ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *