Wednesday , November 25 2026

सैनिक के पार्थिव शरीर को लेकर जा रही एंबुलेंस की भीषण टक्कर, हादसे में चार लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हलियापुर थाना क्षेत्र के जरई कला के पास सैनिक का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।

हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। एंबुलेंस चंडीगढ़ से लखनऊ के रास्ते सैनिक सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर उनके घर गाजीपुर जा रही थी। इसी दौरान जरई कला के पास एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई।

चार लोगों की मौत

हादसे में देवरिया के गइला-दुधिला निवासी साजन सिंह (35), गौरव सिंह (28), राम समुझ सिंह (40) और एंबुलेंस चालक जसपाल (30) की मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर यूपीडा की टीम और पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति रही।

एंबुलेंस में फंसा चालक का शव

यूपीडा कर्मियों के अनुसार, हादसे के बाद दो शवों को अस्पताल भेजा गया। वहीं चालक का शव एंबुलेंस में फंस गया था, जिसे निकालने के लिए टीम ने प्रयास किया।

सूचना मिलने पर एसआई शैलेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के अनुसार, सूबेदार सत्यवान सिंह का निधन होने के बाद उनका पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से लखनऊ होते हुए उनके घर ले जाया जा रहा था। हादसे के बाद सैनिक के पार्थिव शरीर को हलियापुर थाने में रखा गया है। पार्थिव शरीर पर तिरंगा लिपटा हुआ है।

अन्य शवों को पिठला-कुमारगंज स्थित अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने समेत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Check Also

कन्नौज में टूर पर निकले बच्चों की बस हादसे का शिकार, ट्रक से टक्कर में चार की मौत; 20 घायल

कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बच्चों को ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *