Wednesday , November 25 2026
Breaking News

यूपी में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा का सैलाब, प्रयागराज में 10 लाख, काशी में आठ लाख और अयोध्या में पांच लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों में श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा देखने को मिला। मंगलवार को काशी से अयोध्या और प्रयागराज से नैमिषारण्य तक करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। सुबह से ही गंगा और सरयू के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। स्नान के साथ लोगों ने पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। इस दौरान हर-हर गंगे और जय श्रीराम के उद्घोष से घाट गूंज उठे।

तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धार्मिक परंपराओं और आस्था का प्रतीक बनी। योगी सरकार के कार्यकाल में धार्मिक पर्यटन और तीर्थस्थलों के विकास को मिल रहे प्रोत्साहन के बीच कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदेशभर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

प्रयागराज में 10 लाख, काशी में आठ लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान

कार्तिक पूर्णिमा पर तीर्थराज प्रयागराज में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र डुबकी लगाई। भोर से ही घाटों पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर सुख-समृद्धि की कामना की।

वहीं, धर्मनगरी काशी में करीब आठ लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए गए। देव दीपावली की परंपरा से जुड़ी काशी में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और घाटों पर उत्सव का माहौल रहा।

अयोध्या में पांच लाख श्रद्धालुओं ने लगाई सरयू में डुबकी

रामनगरी अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा पर करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में पवित्र स्नान किया। सुबह से ही सरयू के घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। स्नान के बाद लोगों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। जय श्रीराम के उद्घोष से रामनगरी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

गढ़मुक्तेश्वर, डलमऊ और नैमिषारण्य में भी उमड़ी भीड़

कार्तिक पूर्णिमा पर हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। वहीं, रायबरेली के डलमऊ में लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।

सीतापुर के पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य में भी करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया और धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर घाटों और मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

Check Also

तीन साल में छह बार काशी पहुंचा अंबानी परिवार, अनंत ने बाबा विश्वनाथ को दिया अब तक का सबसे बड़ा दान

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी सोमवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *