उत्तर प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की योजना है। पात्र महिलाओं को तीन किश्तों में कुल एक लाख रुपये उपलब्ध कराने की तैयारी है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने योजना भवन में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारियों, बैंकरों और अन्य संस्थाओं के काम की समीक्षा की। उन्होंने महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
पहली किश्त में 20 हजार, दूसरी में 30 हजार
उत्तर प्रदेश महिला उद्यमी योजना के तहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को पहली किश्त में 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसका ब्याज सरकार वहन करेगी। इसके बाद दूसरी किश्त में 30 हजार रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। पात्र महिलाओं को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंकरों को निर्देश दिए गए हैं।
महिला समूहों की आमदनी बढ़ाने के लिए गाय-भैंस खरीदने के लिए ऋण और समूह की महिलाओं को दो लाख रुपये तक की कीमत वाले ई-रिक्शा उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा प्रत्येक संकुल स्तरीय संघ के पास कम से कम एक ड्रोन उपलब्ध कराने की योजना तैयार करने को कहा गया है, ताकि तकनीक के जरिए महिला समूहों की आय बढ़ाई जा सके।
उपमुख्यमंत्री ने बीमा क्लेम के निस्तारण में लापरवाही पर भी सख्त रुख अपनाया और गरीब महिलाओं के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi