नमो भारत ट्रेन परियोजना से जुड़ी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) में नौकरी पाने का मौका है। एनसीआरटीसी ने परिचालन और रखरखाव (O&M) से जुड़े 67 पदों पर भर्ती निकाली है। इनमें पर्यवेक्षक-I और कनिष्ठ अनुरक्षक के पद शामिल हैं। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 9 अक्तूबर 2026 रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
67 पदों पर होगी भर्ती
विज्ञापन संख्या 32/2026 के तहत पर्यवेक्षक-I और कनिष्ठ अनुरक्षक के कुल 67 पद भरे जाएंगे। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिविल और परिचालन से जुड़े पद शामिल हैं।
- पर्यवेक्षक-I (परिचालन): 2 पद
- पर्यवेक्षक-I (इलेक्ट्रॉनिक्स): 18 पद
- पर्यवेक्षक-I (इलेक्ट्रिकल): 14 पद
- पर्यवेक्षक-I (मैकेनिकल): 3 पद
- पर्यवेक्षक-I (सिविल): 6 पद
- कनिष्ठ अनुरक्षक (इलेक्ट्रिकल): 8 पद
- कनिष्ठ अनुरक्षक (फिटर): 9 पद
- कनिष्ठ अनुरक्षक (आरएसी): 5 पद
- कनिष्ठ अनुरक्षक (इलेक्ट्रॉनिक्स): 2 पद
शैक्षणिक योग्यता
पर्यवेक्षक-I पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में पूर्णकालिक इंजीनियरिंग डिग्री या डिप्लोमा मांगा गया है। बीई, बीटेक या बीएससी इंजीनियरिंग जैसी उच्च योग्यता भी स्वीकार्य है। वहीं, कनिष्ठ अनुरक्षक पदों के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र अनिवार्य है। केवल उच्च शैक्षणिक योग्यता होने पर आईटीआई की शर्त पूरी नहीं मानी जाएगी।
आयु सीमा
सभी पदों के लिए 10 सितंबर 2026 को अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। सभी छूट को मिलाकर अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष से अधिक नहीं हो सकती।
1.15 लाख रुपये तक वेतन
पर्यवेक्षक-I के पदों के लिए वेतनमान 37,000 से 1,15,000 रुपये है। कनिष्ठ अनुरक्षक पदों के लिए वेतनमान 18,250 से 59,200 रुपये निर्धारित है। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
ऐसे होगा चयन
चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) होगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को चिकित्सकीय जांच से गुजरना होगा। CBT में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और परीक्षा के लिए 90 मिनट मिलेंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा और गलत उत्तर के लिए नकारात्मक अंकन नहीं होगा।
अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं।
आवेदन शुल्क
अनारक्षित, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और पूर्व सैनिक वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये शुल्क और उस पर जीएसटी देना होगा। एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
अभ्यर्थी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट ncrtc.in पर जाकर करियर सेक्शन में विज्ञापन संख्या 32/2026 के तहत आवेदन कर सकते हैं। पहले भर्ती अधिसूचना में अपनी पात्रता जांचें, फिर पंजीकरण कर व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और शुल्क जमा कर आवेदन फॉर्म सबमिट करें।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi