Saturday , October 10 2026

नोएडा में ऑनलाइन गेमिंग का खौफनाक अंत, कर्ज से परेशान 40 वर्षीय शख्स ने की आत्महत्या

नोएडा के भंगेल गांव में ऑनलाइन गेमिंग के कारण बढ़े कर्ज से परेशान 40 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गोंडा के बलमत्थर गांव निवासी गणेश सिंह के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और पत्नी व तीन बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान गणेश पर काफी कर्ज हो गया था। वह इसे लेकर परिवार के लोगों से कई बार चिंता भी जाहिर कर चुका था। पुलिस अब उसके मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

कमरे में फंदे पर मिला शव

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम भंगेल गांव में एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजनों ने बताया कि उन्होंने रस्सी काटकर गणेश को नीचे उतारा था।

बताया गया कि घटना के समय गणेश की पत्नी बच्चों के साथ बालकनी में थी। कुछ देर बाद बच्चे कमरे में पहुंचे तो गणेश को फंदे पर लटका देखा। परिजनों और पड़ोसियों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

ऑनलाइन गेमिंग और कर्ज के पहलू की जांच

पुलिस ने गणेश का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ऑनलाइन गेमिंग में उसने कितना पैसा लगाया था और उस पर कितना कर्ज था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि किसी ऑनलाइन गेम या सट्टे से जुड़े एप के जरिए आर्थिक नुकसान तो नहीं हुआ था।

एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस परिवार के संपर्क में है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन गेम और सट्टे से जुड़े एप में जल्दी पैसा कमाने के लालच में न पड़ने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, ऐसे मामलों में लोग अपनी जमा पूंजी गंवाने के बाद नुकसान की भरपाई के लिए दोबारा पैसा लगाते हैं। इसके लिए कर्ज लेने पर आर्थिक परेशानी और बढ़ सकती है।

परिवार के किसी सदस्य पर आर्थिक दबाव या लगातार तनाव दिखाई दे तो उससे खुलकर बातचीत करना और समय रहते मदद लेना जरूरी है।

Check Also

यूपी चुनाव से पहले अयोध्या दौरे को लेकर अखिलेश पर निशाना: राममंदिर जाने को लेकर संतों ने जताई नाराजगी

उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *