Friday , October 9 2026

चार्जिंग के दौरान फटी ई-रिक्शा की बैटरी, आग की चपेट में आई इमारत; दो लोगों ने गंवाई जान

दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में सोमवार तड़के ई-रिक्शा की बैटरी फटने से चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर आग लग गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 17 वर्षीय सुफैद और 38 वर्षीय मोहम्मद सामिद के रूप में हुई है।

सुबह 4:42 बजे मिली आग की सूचना

दमकल विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:42 बजे रघुबीर नगर के आर ब्लॉक स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पहली मंजिल पर फटी बैटरी

जांच में सामने आया कि चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज की जा रही थी। इसी दौरान बैटरी फट गई और घरेलू सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

दो लोग झुलसे, अस्पताल में मौत

आग की चपेट में आने से सुफैद और मोहम्मद सामिद झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए रघुबीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

5:25 बजे आग पर पाया गया काबू

दमकल कर्मियों ने करीब 5:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में ई-रिक्शा की बैटरी फटने की बात सामने आई है।

Check Also

विपक्ष का राजघाट पर प्रदर्शन: खरगे-राहुल समेत सांसद पहुंचे, भाजपा ने लगाया अराजकता फैलाने का आरोप

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को दिल्ली ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *