MCG में पीएम मोदी का क्रिकेट प्रेम दिखा, भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स रोडमैप लॉन्च; स्टीव वॉ को दिया खास तोहफा
ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचे, जहां उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप लॉन्च किया। इस पहल के तहत दोनों देश खेल प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान, तकनीक, खेल उद्योग और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे।
एमसीजी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला कप्तान लिसा स्थालेकर को ऑटोग्राफ दिया, महान स्पिनर शेन वॉर्न के नाम पर बने स्टैंड का दौरा किया और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्टीव वॉ को करीब दो दशक पुरानी एक विशेष तस्वीर भेंट की, जो उस समय की है जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और उनकी स्टीव वॉ से मुलाकात हुई थी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों में क्रिकेट हमेशा एक मजबूत कड़ी रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच खेलों के जरिए सहयोग को नई ऊंचाई मिलेगी और यह साझेदारी क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों में भी नए अवसर पैदा करेगी।
रोडमैप की घोषणा के साथ ही दोनों नेताओं ने यह भी एलान किया कि बिग बैश लीग (BBL) 2026-27 सीजन का उद्घाटन मुकाबला इस वर्ष दिसंबर में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होने वाला यह मुकाबला भारत में किसी विदेशी क्रिकेट लीग का पहला आधिकारिक मैच होगा।
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इस रोडमैप के तहत खेल विज्ञान, अनुसंधान, तकनीक, निवेश और युवा खिलाड़ियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही भारत-ऑस्ट्रेलिया यूथ स्पोर्ट्स फेस्टिवल का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों को एक-दूसरे से सीखने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया को महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक की मेजबानी करेगा। ऐसे में खेलों के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि खेल भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंधों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यह साझेदारी खेलों के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi