विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की यात्रा के लिए तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के तहत शुरू किया गया यह पैकेज 25 से 27 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। पर्यटकों को इस पैकेज पर 50 फीसदी तक की विशेष छूट दी जा रही है।
इस टूर के जरिए पर्यटकों को नीब करौरी बाबा के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों को देखने और उनकी आध्यात्मिक विरासत को जानने का अवसर मिलेगा। बाबा का जन्म फिरोजाबाद जिले के अकबरपुर गांव में हुआ था और उन्होंने वृंदावन में समाधि ली थी।
लखनऊ से शुरू होगी यात्रा
यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात के अनुसार, तीन दिवसीय यात्रा की शुरुआत लखनऊ से होगी। पहले दिन पर्यटकों को फर्रुखाबाद ले जाया जाएगा, जहां नीब करौरी बाबा के आश्रम के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद यात्रा संकिसा के लिए रवाना होगी।
संकिसा में अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप, प्राचीन बौद्ध अवशेष और मठों का भ्रमण कराया जाएगा।
दूसरे दिन जन्मस्थली अकबरपुर का भ्रमण
यात्रा के दूसरे दिन पर्यटकों को फिरोजाबाद स्थित अकबरपुर गांव ले जाया जाएगा, जिसे नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली बताया गया है। इसके बाद यात्री मथुरा और वृंदावन के लिए रवाना होंगे।
वृंदावन में समाधि स्थल के दर्शन
यात्रा के अंतिम दिन वृंदावन में नीब करौरी बाबा की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसमें बाबा के समाधि स्थल के साथ बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर की यात्रा भी शामिल है। इसके बाद पर्यटकों को लखनऊ वापस लाया जाएगा।
पैकेज में क्या-क्या शामिल?
तीन दिवसीय टूर पैकेज में शेयरिंग आधार पर वातानुकूलित आवास, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, हाई-टी, टूर गाइड और प्रवेश शुल्क शामिल हैं। पैकेज की कीमत 8,500 रुपये बताई गई है।
टूर पैकेज को मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
पर्यटन विभाग के अनुसार, नीब करौरी बाबा से जुड़े पांच टूर पैकेज पहले भी शुरू किए गए थे, जिन्हें अच्छा रिस्पॉन्स मिला। विभाग को रोजाना करीब 150 से 200 लोग पैकेज के लिए संपर्क कर रहे हैं।
इच्छुक पर्यटक टूर पैकेज और बुकिंग से जुड़ी जानकारी के लिए यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट upstdc.co.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। संपर्क के लिए 9149099890 और 8303019844 नंबर भी दिए गए हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi