जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदुपुर गांव में शुक्रवार को जमीन के विवाद और खेत से उड़द की फसल लाने के लिए सगड़ी ले जाने को लेकर हुए विवाद में मां-बेटी की हत्या कर दी गई। आरोप है कि छोटे भाई भूपेंद्र चंद्र पटेल ने अपनी बड़ी बहन गौरा देवी (45) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बेटी को बचाने पहुंची मां शीतला देवी (70) पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौत हो गई।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गौरा देवी मायके में ही रहती थीं और भाई-बहन के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती थी।
सगड़ी ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को गौरा देवी ने भूपेंद्र से खेत से उड़द की फसल लाने के लिए सगड़ी ले जाने को कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर भूपेंद्र ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से गौरा देवी पर हमला कर दिया।
बेटी को बचाने के लिए उनकी 70 वर्षीय मां शीतला देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि भूपेंद्र ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौत हो गई।
वारदात के बाद मौके पर बैठा रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार, मां और बहन पर हमला करने के बाद आरोपी घटनास्थल पर ही बैठा रहा। सूचना मिलने पर नेवढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, सीओ मछलीशहर परमानंद कुशवाहा, सीओ मड़ियाहूं विजय चौधरी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi