Friday , September 18 2026

IND W vs ENG W Test: भारतीय महिला टीम के लिए ऐतिहासिक मुकाबला, स्मृति मंधाना के नाम बड़ी उपलब्धि

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जा रहे एकमात्र महिला टेस्ट मैच ने कई मायनों में इतिहास रच दिया है। क्रिकेट के ‘मक्का’ कहे जाने वाले लॉर्ड्स में पहली बार महिला टेस्ट मुकाबला आयोजित किया जा रहा है। मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

इस मुकाबले में भारतीय उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने अपने करियर का 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की। 18 जुलाई को 30 वर्ष की होने जा रहीं मंधाना 300 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली सबसे कम उम्र की महिला क्रिकेटर बन गई हैं। इसके साथ ही वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 मैच खेलने वाली दुनिया की 12वीं और भारत की तीसरी खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले केवल मिताली राज और हरमनप्रीत कौर ही यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच यह 16वां महिला टेस्ट मुकाबला है। अब तक खेले गए 15 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने तीन मुकाबले जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को केवल एक जीत मिली है। बाकी 11 मैच ड्रॉ रहे हैं। इंग्लैंड की एकमात्र जीत 1995 में जमशेदपुर में दो रन के अंतर से मिली थी, जो महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की सबसे करीबी रन से मिली जीत मानी जाती है।

भारतीय महिला टीम इंग्लैंड की धरती पर अपना 10वां टेस्ट मैच खेल रही है। इससे पहले खेले गए नौ टेस्ट में भारत ने दो मुकाबले जीते, जबकि सात मैच ड्रॉ रहे। दोनों टीमों के बीच इंग्लैंड में पिछला टेस्ट 2021 में ड्रॉ रहा था, जबकि सबसे हालिया टेस्ट दिसंबर 2023 में नवी मुंबई में खेला गया था, जिसमें भारत ने 347 रन से शानदार जीत दर्ज की थी।

यह मुकाबला इंग्लैंड की अनुभवी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच भी है। ब्यूमोंट इंग्लैंड की ओर से महिला टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली एकमात्र बल्लेबाज हैं और टेस्ट, वनडे तथा टी20—तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाली दुनिया की दूसरी महिला क्रिकेटर भी हैं।

Check Also

आठवीं बार एशिया कप पर कब्जा, फिर भी क्यों परेशान है टीम इंडिया? मध्यक्रम और फील्डिंग बनी चिंता

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर आठवीं बार एशिया कप ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *