Saturday , September 19 2026

एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में भारत का नेतृत्व कौन करेगा? ध्वजवाहकों को लेकर आया बड़ा अपडेट

एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी को लेकर भारत के ध्वजवाहकों के नाम तय हो गए हैं। जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में निशानेबाज मनु भाकर और शॉटपुटर तजिंदर पाल सिंह तूर भारतीय दल की अगुवाई करते हुए तिरंगा थामेंगे। उद्घाटन समारोह 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। भारत के शेफ-डी-मिशन सहदेव यादव ने मनु भाकर के ध्वजवाहक बनने की जानकारी दी, जबकि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने तजिंदर पाल सिंह तूर को दूसरा ध्वजवाहक घोषित किया है।

पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने रचा था इतिहास

मनु भाकर एशियन गेम्स में पेरिस ओलंपिक 2024 की शानदार उपलब्धि के बाद उतरेंगी। उन्होंने पेरिस ओलंपिक में निशानेबाजी में दो कांस्य पदक जीते थे। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के बाद उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भी कांस्य हासिल किया था।

इस प्रदर्शन के साथ मनु भाकर स्वतंत्र भारत की पहली ऐसी खिलाड़ी बनी थीं, जिन्होंने एक ही ओलंपिक में दो पदक जीते। अब एशियन गेम्स में भी उनसे भारत को पदक की उम्मीद होगी।

तजिंदर पाल सिंह तूर का एशियन गेम्स में शानदार रिकॉर्ड

तजिंदर पाल सिंह तूर के पास एशियन गेम्स में भी शानदार रिकॉर्ड है। वह इस प्रतियोगिता में लगातार दो बार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

इसके बाद 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी तजिंदर ने अपना खिताब बरकरार रखा और लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता। अब आइची-नागोया में उनकी नजर लगातार तीसरा एशियन गेम्स स्वर्ण पदक जीतने पर होगी।

19 सितंबर से शुरू होगा आधिकारिक अभियान

एशियन गेम्स का आधिकारिक उद्घाटन 19 सितंबर को होगा। हालांकि, कुछ खेलों में भारत का अभियान पहले ही शुरू हो चुका है। भारतीय दल को इस बार कई खेलों में पदक की उम्मीद है। टेकबॉल में क्विम्सी डिसूजा भारत को पहला पदक दिलाने से एक जीत दूर हैं। वहीं, मनु भाकर और तजिंदर पाल सिंह तूर जैसे अनुभवी पदक विजेता खिलाड़ियों की मौजूदगी से भारतीय दल की उम्मीदें बढ़ी हैं।

हांगझोउ के रिकॉर्ड प्रदर्शन को पीछे छोड़ने की चुनौती

भारत ने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 107 पदक जीते थे। इस बार भारतीय दल की कोशिश उस प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की होगी।

ओपनिंग सेरेमनी में मनु भाकर और तजिंदर पाल सिंह तूर के हाथों में तिरंगा होना भारतीय दल के लिए खास पल होगा। एक ओर मनु भाकर ओलंपिक में इतिहास रचने के बाद एशियन गेम्स में उतरेंगी, वहीं दूसरी ओर तजिंदर दो बार के एशियन गेम्स चैंपियन के रूप में चुनौती पेश करेंगे।

Check Also

आईपीएल 2027 की नीलामी को लेकर बड़ा अपडेट, भारत में आयोजन की तैयारी; इम्पैक्ट प्लेयर पर फैसला बाकी

आईपीएल 2027 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने पुष्टि ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *