Tuesday , October 6 2026

वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष का प्रदर्शन, आकाशवाणी भवन के बाहर जमीन पर बैठे राहुल और प्रियंका

‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों ने दिल्ली में विरोध मार्च निकाला। विपक्षी सांसद संसद से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग कर मार्च को रोकने की कोशिश की।

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता बैरिकेड पर चढ़ गए। राहुल गांधी ने इस दौरान तिरंगा भी लहराया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेता आकाशवाणी परिसर में पहुंच गए और वहीं बैठ गए।

राहुल-प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में लिए गए

पुलिस ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। कांग्रेस नेताओं केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा और इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई नेता भी आकाशवाणी परिसर में मौजूद रहे।

विपक्षी सांसद निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी की।

दिल्ली में कई रास्तों पर यातायात प्रभावित

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी। संसद मार्ग, पंत मार्ग, गोल डाकखाना और बाबा खड़क सिंह मार्ग समेत आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया गया।

पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए धारा 163 लागू होने की जानकारी दी गई और प्रदर्शनकारियों से बैरिकेड से दूर रहने की अपील की गई। मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी तैनात रहे।

चुनाव प्रक्रिया और SIR को लेकर विपक्ष का विरोध

विपक्षी दलों का कहना है कि उनका प्रदर्शन SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को लेकर है। विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने फॉर्म-6 में कथित बदलाव को लेकर सवाल उठाए। वहीं, विभिन्न विपक्षी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बैरिकेडिंग को लेकर कई जगह तनाव की स्थिति बनी रही।

Check Also

आकाश आनंद को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी, मायावती बोलीं- अब सब कुछ सुचारू रहने की उम्मीद

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को दोबारा पार्टी में शामिल करने ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *