Friday , November 27 2026
Breaking News

पुतिन के सामने भारतीय किशोर ने बताई एआई की ताकत, राष्ट्रपति बोले- युवाओं में घट सकती है सोचने और याद रखने की क्षमता

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और 17 वर्षीय भारतीय किशोर राहुल जॉन अजू के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को लेकर दिलचस्प बातचीत हुई। मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई सम्मेलन के दौरान राहुल ने बताया कि किस तरह खेल-खेल में एआई सीखकर पढ़ाई को आसान और रोचक बनाया जा सकता है। वहीं, पुतिन ने एआई के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे खासकर युवाओं में खुद सोचने और चीजों को याद रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
राहुल ने समझाया पढ़ाई में एआई का महत्व
बातचीत के दौरान राहुल ने उदाहरण देते हुए बताया कि अगर गणित जैसे विषयों को तस्वीरों, वीडियो और खेलों के माध्यम से पढ़ाया जाए तो बच्चों के लिए सीखना अधिक रोचक हो सकता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी एआई को खेल के जरिए ही सीखा है।

राहुल ने बताया कि गणित की परीक्षा से एक दिन पहले जब उनके पिता ने उन्हें खेल खेलते देखा तो पढ़ाई को लेकर सवाल किया। पिता ने कहा कि अगले दिन परीक्षा है और वह खेल में लगे हुए हैं। इस पर राहुल ने जवाब दिया कि वह खेल के जरिए पढ़ाई कर रहे हैं।

राहुल ने कहा कि वह मजेदार तरीके से सीख पा रहे थे और अपनी जरूरत व पसंद के अनुसार पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि 40 बच्चों की एक कक्षा में शिक्षक हर बच्चे को उसकी जरूरत के हिसाब से कैसे पढ़ा सकता है? राहुल के मुताबिक, यही वह जगह है जहां एआई मददगार साबित हो सकता है।
एआई के इस्तेमाल पर पुतिन ने जताई चिंता
राहुल की बात सुनने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एआई के इस्तेमाल से जुड़ी एक चुनौती की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि खतरा यह भी है कि खासकर युवा चीजों को याद रखने की इच्छा ही छोड़ सकते हैं।

पुतिन ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कंप्यूटर के सामने बैठकर लिखने या अन्य कामों के लिए पूरी तरह एआई पर निर्भर हो जाता है, तो वह खुद सोचने के बजाय मशीन के तैयार किए गए जवाबों पर निर्भर रहने लगता है। यहां तक कि वह अपने काम किसी एआई एजेंट को सौंप सकता है और उसे मशीन से मिला परिणाम ही पर्याप्त लग सकता है।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल शिक्षा की प्रक्रिया के लिए खतरा पैदा कर सकता है।
राहुल ने कहा- एआई के साथ मिलकर काम करना जरूरी
पुतिन की चिंता पर राहुल ने जवाब देते हुए कहा कि यह एक अच्छा सवाल है। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि लोगों को एआई के साथ मिलकर काम करना सीखना चाहिए। इसका इस्तेमाल केवल अपनी नौकरियों की जगह लेने के लिए नहीं, बल्कि अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाने के लिए होना चाहिए।

इस दौरान पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेक इन इंडिया पहल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को अपने समाधान खोजने और उन्हें वास्तविकता में बदलने के लिए प्रोत्साहित करती है। पुतिन के मुताबिक, राहुल का काम भी प्रधानमंत्री मोदी के मेक इन इंडिया के आह्वान को आगे बढ़ाने में मदद करता है।
कौन हैं राहुल जॉन अजू?
केरल के युवा उद्यमी राहुल जॉन अजू इन दिनों चर्चा में हैं। 17 वर्षीय राहुल को भारत का एआई बच्चा भी कहा जाता है। उन्होंने मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता सम्मेलन एआई जर्नी 2026 के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी भी ली।

राहुल ने इस तस्वीर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा कि वह अभी भी इस पल को समझने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बचपन में मनोरंजन के लिए वीडियो बनाने से लेकर 17 साल की उम्र में राष्ट्रपति पुतिन से मिलने तक का सफर उनके लिए बेहद खास रहा है।

रूसी दूतावास ने राहुल को थिंकक्राफ्ट मंच बनाने वाला स्कूली छात्र बताया। दूतावास के अनुसार, वह उन युवा प्रतिभाओं में शामिल थे, जिन्होंने पुतिन और कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात की। रूसी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल की पुतिन से मुलाकात सम्मेलन के पूर्ण सत्र के बाद हुई।
नौ साल की उम्र में शुरू किया एआई सीखना
राहुल ने नौ साल की उम्र में एआई सीखना शुरू किया था। उन्होंने अपने इस शौक को कारोबार में बदलते हुए एआई रियल्म टेक्नोलॉजीज नाम से स्टार्टअप शुरू किया। उनकी कंपनी में अब करीब 15 लोग काम करते हैं और कंपनी दुनिया भर में लगभग पांच लाख छात्रों को प्रशिक्षण दे चुकी है।

राहुल ने इसी साल फरवरी में बताया था कि उन्होंने वीडियो एडिटिंग के जरिए तकनीक को समझना शुरू किया। उनके पिता को एडोबी में नौकरी मिलने के बाद उन्हें कंपनी के प्रीमियम टूल इस्तेमाल करने का मौका मिला, जिससे एआई सीखने में मदद मिली। इसके बाद उन्होंने स्कूल की विज्ञान परियोजना के लिए मीबॉट नाम का रोबोट भी बनाया।
कई देशों के प्रतिनिधियों ने लिया सम्मेलन में हिस्सा
एआई जर्नी 2026 कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र का एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन है। इसमें भारत, चीन, रूस, सर्बिया, ब्राजील, केन्या, कजाखस्तान और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

Check Also

अमेरिका को खनिज भेजने का दावा, लेकिन पाकिस्तान के पास उत्पादन क्षमता नहीं; मुनीर की डील पर सवाल

पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर अमेरिका के सामने अपने देश को महत्वपूर्ण खनिजों के ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *