उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सरकारी भर्तियों, स्वास्थ्य सेवाओं, श्रमिक कल्याण, आबकारी, खनन और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने के साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू किया गया है। वहीं, चीनी मिलों को ऋण लेने में मदद के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी।
वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष
कैबिनेट ने वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने का फैसला लिया है। अब 31 दिसंबर 2028 तक वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। इस फैसले से भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी।
मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का बॉन्ड
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी
कैबिनेट ने चीनी मिलों को ऋण लेने की सुविधा देने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे चीनी मिलों को वित्तीय सहायता मिलने और संचालन में सहूलियत होने की उम्मीद है।
सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का अतिरिक्त पद
मंत्रिमंडल ने सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक अतिरिक्त पद को मंजूरी दी है। इसके अलावा श्रम विभाग के तहत असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों के कल्याण के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा।
फार्मा संवर्ग के नियमों में संशोधन
कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग में संशोधन को मंजूरी दी गई है। अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई है।
आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित होंगे
कैबिनेट ने आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित करने को मंजूरी दी है। वहीं, सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों को भी मंजूरी दी गई है।
खनन क्षेत्र में शुल्क दर पांच से बढ़ाकर 15 प्रतिशत
खनन विभाग के तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, खनिजों की रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
भू-उपयोग परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी
कैबिनेट ने राज्य में भूमि का भू-उपयोग बदलने की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता देने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया है। इसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति की व्यवस्था होगी।
हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर
हरिद्वार में कुल 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनमें कुल 21 स्टेशन होंगे। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा। इससे शहर में यातायात और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वन भूमि पर बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सहमति
बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि समेत बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने सैद्धांतिक सहमति दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।
कैबिनेट के अन्य फैसले
– उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
– एनएचआईडीसीएल को उत्तराखंड में काम नहीं करने के कारण सूचीबद्धता से हटाने का फैसला लिया गया।
– पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
– उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित की जाएगी। समिति की अनुशंसा के आधार पर फैसला होगा।
– आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
– उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी दी गई।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi