अमेरिकी टेनिस स्टार कोको गॉफ को चीन ओपन के राउंड ऑफ-32 मुकाबले के दौरान हुई एक घटना के बाद सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा। इसके बाद गॉफ ने अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने नियमों के मुताबिक ही कार्रवाई की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर की जा रही नस्लभेदी टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई।
गॉफ ने चीन की सुन शिनरान को 7-5, 6-1 से हराकर राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई। हालांकि, मुकाबले के पहले सेट में एलईडी विज्ञापन बोर्ड के टिमटिमाने को लेकर हुई घटना चर्चा में आ गई।
क्या था पूरा मामला?
पहले सेट में गॉफ 4-5 के स्कोर पर सर्विस कर रही थीं। स्कोर 15-15 था, तभी एक अंक गंवाने के बाद उन्होंने कोर्ट पर लगे एलईडी विज्ञापन बोर्ड के टिमटिमाने को लेकर चेयर अंपायर से शिकायत की।
गॉफ की शिकायत के बाद संबंधित प्वॉइंट को दोबारा खेलने का फैसला किया गया। इसके बाद उन्होंने गेम और फिर सेट 7-5 से अपने नाम कर लिया। इसी घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उन पर अनुचित तरीके से फायदा उठाने का आरोप लगाया।
नस्लभेदी टिप्पणियों पर भड़कीं गॉफ
घटना के बाद गॉफ को सोशल मीडिया पर नस्लभेदी टिप्पणियों का भी सामना करना पड़ा। इस पर उन्होंने एक्स पर एक यूजर को जवाब देते हुए कहा कि लोग उनके खेल या फैसले से असहमत हो सकते हैं, लेकिन नस्लभेदी टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।
गॉफ ने कहा कि पिछले कुछ घंटों में उन्हें बड़ी संख्या में नस्लभेदी टिप्पणियां मिलीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह ‘धोखेबाज या चोर’ नहीं हैं और उन्होंने जो किया, वह नियमों के तहत था।
गॉफ ने बताया क्यों मांगा रीप्ले?
गॉफ के मुताबिक, प्वॉइंट की शुरुआत में उन्हें एलईडी बोर्ड के टिमटिमाने का आभास हुआ था, लेकिन उस समय उन्हें पूरी तरह यकीन नहीं था कि उन्होंने वास्तव में ऐसा देखा है। बाद में बोर्ड दोबारा टिमटिमाया, जिसके बाद उन्हें अपनी बात पर भरोसा हुआ।
उन्होंने बताया कि मैच से पहले खिलाड़ियों को ऐसी स्थिति में प्वॉइंट पूरा करने के लिए कहा जाता है और प्वॉइंट खत्म होने के बाद संबंधित मामले को चुनौती दी जा सकती है।
गॉफ ने यह भी कहा कि अगर वह प्वॉइंट हार जातीं, तो उनकी प्रतिद्वंद्वी भी रीप्ले की मांग कर सकती थीं। उनके अनुसार, यह नियमों का हिस्सा है और उन्होंने ये नियम नहीं बनाए हैं।
7-5, 6-1 से जीता मुकाबला
विवाद के बीच गॉफ ने अपना मुकाबला 7-5, 6-1 से जीत लिया और चीन ओपन के राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली। हालांकि, मैच के दौरान एलईडी बोर्ड को लेकर हुई घटना और उसके बाद सोशल मीडिया पर हुई प्रतिक्रिया चर्चा में बनी हुई है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi