उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के छह जिलों में अलग-अलग तारीखों पर अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। भर्ती अभियान की शुरुआत 17 अगस्त 2026 को मेरठ से होगी और इसका अंतिम चरण अयोध्या में 14 अप्रैल 2027 तक चलेगा।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोमवार को भर्ती रैलियों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन और विभागों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
छह जिलों में इस तारीख से होगी भर्ती
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार, मेरठ में 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026, बरेली में 14 से 30 सितंबर 2026, लखनऊ में 11 से 28 जनवरी 2027, वाराणसी में 2 से 27 फरवरी 2027, आगरा में 4 से 24 मार्च 2027 और अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक अग्निवीर भर्ती रैलियां आयोजित होंगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा पर जोर
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को भर्ती स्थलों पर आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भीड़ और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे। ऐसे में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और भर्ती शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कमियों को दूर करें।
मेरठ से शुरू होगा भर्ती अभियान
अग्निवीर भर्ती रैलियों का पहला चरण मेरठ में 17 अगस्त से शुरू होगा। इसके बाद अलग-अलग चरणों में बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा और अयोध्या में भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। भर्ती अभियान का अंतिम चरण अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक चलेगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi