Monday , August 10 2026

शिक्षा क्षेत्र में बड़ा विस्तार: यूपी में 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय, इन पदों पर होगी तैनाती

उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था के विस्तार के लिए 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की शुरुआत की जा रही है। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 से इन विद्यालयों में प्रवेश और पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है। विद्यालयों के संचालन के लिए शासन ने प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक और कनिष्ठ सहायक समेत कुल 1810 नियमित पदों का सृजन किया है।

68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 हाईस्कूल

प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत प्रदेश में 68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 राजकीय हाईस्कूल का निर्माण कर उन्हें संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया गया है। इन सभी को मिलाकर कुल 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय शुरू होंगे।

माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से स्वीकृत पदों में 68 प्रधानाचार्य, 58 प्रधानाध्यापक, 680 प्रवक्ता, 819 सहायक अध्यापक (एलटी) और 185 कनिष्ठ सहायक के पद शामिल हैं।

सीधी भर्ती और पदोन्नति से भरे जाएंगे पद

अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन पदों में से 50 फीसदी पद सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाएंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, बाकी 50 फीसदी पद पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे।

कक्षा छह और नौ में होंगे प्रवेश

नए विद्यालयों में विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में कक्षा छह और कक्षा नौ में 80-80 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

नए विद्यालय शुरू होने से ग्रामीण और जरूरतमंद क्षेत्रों में माध्यमिक शिक्षा की पहुंच बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही, 1810 पदों के सृजन से शिक्षण और गैर-शिक्षण क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Check Also

CAG रिपोर्ट को लेकर दिल्ली विधानसभा में बढ़ेगा सियासी पारा, सीएम पेश करेंगी 2024-25 की रिपोर्ट

दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र में सोमवार को वित्त वर्ष 2024-25 के राज्य वित्त से ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *