बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-21) का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट allindiabarexamination.com पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष कुल 65.92 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए हैं।
रिजल्ट जारी करने से पहले BCI की मॉनिटरिंग कमेटी ने प्रश्नपत्र और परिणामों की समीक्षा की। इसके बाद सभी वर्गों के लिए कट-ऑफ में 3 अंकों की कटौती करने का फैसला लिया गया। पहले सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 45 और SC, ST व PwD वर्ग के लिए 40 अंक निर्धारित थे, जिन्हें तीन-तीन अंक कम कर दिया गया।
इस बार परीक्षा में 1,75,701 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 1,15,805 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए, जबकि 59,876 अभ्यर्थी असफल रहे। वहीं, 20 मामलों की जांच कथित कदाचार के चलते अभी लंबित है।
राज्यवार आंकड़ों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा। यहां 16,788 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी, जिनमें 13,098 सफल हुए। वहीं दिल्ली से 5,757 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 3,071 पास हुए।
AIBE-21 का आयोजन 7 जून 2026 को देश के 60 शहरों के 292 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं थी। सफल अभ्यर्थियों को बार काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से Certificate of Practice (CoP) जारी किया जाएगा, जिसे संबंधित राज्य बार काउंसिल से प्राप्त किया जा सकेगा।
इसके साथ ही BCI ने AIBE-22 का संभावित कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। अगली परीक्षा 29 नवंबर 2026 को होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 19 अगस्त 2026 से शुरू होंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi