Dhamaal 4 Box Office Day 1: अजय देवगन की फिल्म ने पहले दिन कमाए 6.26 करोड़, ओपनिंग पर रही आगे
अजय देवगन स्टारर कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ ने शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन 6.26 करोड़ रुपये का शुरुआती कलेक्शन किया। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, रात के शो के बाद फिल्म की कमाई में और इजाफा हो सकता है।
रिलीज से पहले भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। सैकनिल्क के मुताबिक, एडवांस बुकिंग में ‘धमाल 4’ के 57,321 टिकट बिके थे। देशभर में फिल्म को 7,894 शो मिले और प्री-बुकिंग से करीब 1.45 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
अगर ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों से तुलना करें तो पहली ‘धमाल’ ने ओपनिंग डे पर 2.38 करोड़ रुपये, ‘डबल धमाल’ ने 7.60 करोड़ रुपये और ‘टोटल धमाल’ ने 16.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस लिहाज से ‘धमाल 4’ की शुरुआत फ्रेंचाइजी की दूसरी और तीसरी फिल्म से पीछे रही, लेकिन पहली फिल्म से बेहतर प्रदर्शन किया है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘धमाल 4’ का मुकाबला पहले से रिलीज फिल्मों ‘अल्फा’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ से है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘अल्फा’ ने आठवें दिन 75 लाख रुपये और ‘वेलकम टू द जंगल’ ने 15वें दिन 46 लाख रुपये का कलेक्शन किया। ऐसे में ओपनिंग डे पर कमाई के मामले में ‘धमाल 4’ सबसे आगे रही।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi