Friday , September 18 2026

घर से दवा लेने निकले थे दो भाई, सड़क हादसे ने छीनी दोनों की जिंदगी; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई शुक्रवार तड़के बीमार भाई को दवा दिलाने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे, तभी उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, तिलहर क्षेत्र के अमनपुर गौटिया गांव निवासी अजय शर्मा (40) अपने छोटे भाई विजय शर्मा (35) को बाइक से अस्पताल ले जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात विजय की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर दोनों भाई तड़के करीब साढ़े तीन बजे घर से निकले थे।

लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर इंडियन गैस एजेंसी के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने विजय शर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

एक ही परिवार के दो कमाऊ बेटों की मौत से घर में मातम पसरा है। मृतक विजय शर्मा अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं, जबकि अजय शर्मा के परिवार में पत्नी, एक बेटा और तीन बेटियां हैं। माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

Check Also

हत्याकांड के बाद सुब्रत की जल्दबाजी पर उठे सवाल, चौथे दिन संभाला कारोबार; पोस्ट-रील्स भी गायब

कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की जांच अब पारिवारिक विवाद के साथ ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *