बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने 5000 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में सफल उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी चयन सूची में अपना BFSI SSC रोल नंबर देखकर परिणाम जांच सकते हैं। हालांकि बैंक ने स्पष्ट किया है कि यह चयन प्रोविजनल (अस्थायी) है और अंतिम नियुक्ति से पहले उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण सफलतापूर्वक पूरे करने होंगे।
सबसे पहले चयनित अभ्यर्थियों को अपने आवंटित बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय कार्यालय में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित होना होगा। इस दौरान मूल दस्तावेज, उनकी दो स्वप्रमाणित प्रतियां और पासपोर्ट आकार के फोटो साथ ले जाने होंगे। आवश्यक दस्तावेजों में शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जन्मतिथि प्रमाण, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति या ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), PwD प्रमाणपत्र, पता प्रमाण, आवेदन पत्र की प्रति और NATS/NAPS पोर्टल आईडी शामिल हैं।
दस्तावेज सत्यापन के बाद उम्मीदवारों को संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा की परीक्षा देनी होगी, जिसमें पढ़ने, लिखने और बोलने की क्षमता का आकलन किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों ने कक्षा 10वीं या 12वीं में संबंधित स्थानीय भाषा पढ़ी है और इसका प्रमाण प्रस्तुत करेंगे, उन्हें इस परीक्षा से छूट मिलेगी।
इसके बाद उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण बैंक द्वारा अधिकृत अस्पताल या मेडिकल सेंटर में कराया जाएगा। मेडिकल जांच का खर्च अभ्यर्थियों को स्वयं वहन करना होगा।
बैंक ने बताया है कि आगे की प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी चयनित उम्मीदवारों के रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। वहीं जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हुआ है, उन्हें अलग से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि चयन सूची में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर उसे संशोधित करने का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi