Tuesday , September 15 2026

सरनेम को लेकर अन्ना का भावुक अनुरोध, पवन कल्याण की पत्नी ने सोशल मीडिया पर कही दिल की बात

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ सिनेमा के सुपरस्टार पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडाला ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने नाम को लेकर महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने प्रशंसकों, मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अनुरोध किया कि उन्हें अब ‘अन्ना कोनिडाला’ के नाम से ही संबोधित किया जाए। अन्ना ने कहा कि शादी के बाद उन्होंने आधिकारिक रूप से अपने पति का सरनेम अपनाया था और यही उनकी वास्तविक पहचान है।

अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अन्ना ने लिखा कि नाम किसी भी व्यक्ति की पहचान और भावनाओं से जुड़ा होता है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से वह यह बात लोगों तक पहुंचाना चाहती थीं, लेकिन सही शब्द नहीं मिल पाने के कारण ऐसा नहीं कर सकीं। अब जन्मदिन से पहले उन्होंने अपनी भावनाओं को सार्वजनिक करने का फैसला लिया।

अन्ना ने बताया कि जब उनकी और पवन कल्याण की शादी की खबर सामने आई थी, तब मीडिया और सोशल मीडिया पर उन्हें ‘अन्ना लेजनेवा’ के नाम से जाना जाने लगा। हालांकि, शादी के दिन ही उन्होंने अपने पति का सरनेम अपनाकर आधिकारिक रूप से ‘अन्ना कोनिडाला’ नाम स्वीकार कर लिया था। उन्होंने कहा कि विवाह प्रमाणपत्र उनके पुराने सरनेम वाला आखिरी आधिकारिक दस्तावेज था। इसके बाद उनकी सभी पहचान अन्ना कोनिडाला के रूप में ही दर्ज हुई।

पोस्ट में उन्होंने लिखा, “यदि आपने मेरी बात यहां तक पढ़ी है, तो मेरी सिर्फ एक छोटी-सी गुजारिश है। कृपया मुझे अन्ना कोनिडाला कहें। यही मेरा नाम है और इसी नाम के साथ मैं सहज और सम्मानित महसूस करती हूं। आपकी समझ और सम्मान मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं।”

अन्ना ने इस पोस्ट के साथ रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में पवन कल्याण के साथ बिताई अपनी पहली छुट्टियों की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की। उन्होंने बताया कि यह तस्वीर उनकी शादी के बाद की शुरुआती यादों में से एक है, जो आज भी उनके लिए बेहद खास है।

गौरतलब है कि पवन कल्याण ने वर्ष 2013 में रूस की रहने वाली अन्ना से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं। इससे पहले पवन कल्याण की शादी नंदिनी और बाद में अभिनेत्री रेणु देसाई से हो चुकी थी। रेणु देसाई से उनके दो बच्चे भी हैं। वहीं, अन्ना के साथ उनकी शादी को अब एक दशक से अधिक समय हो चुका है और दोनों अक्सर पारिवारिक तस्वीरों और निजी पलों को सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।

अन्ना की इस भावुक पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें ‘अन्ना कोनिडाला’ नाम से संबोधित करने का समर्थन किया। उनकी यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और फैंस इसे उनकी व्यक्तिगत पहचान और परिवार के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति मान रहे हैं।

Check Also

सफलता के बाद मेकर्स ने किया नई फिल्म का एलान, अब इस संत की कहानी से रूबरू होगा सिनेमा

फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बीच मेकर्स ने अपनी अगली फिल्म की घोषणा कर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *