Tuesday , September 15 2026

छेड़छाड़ से शुरू हुआ विवाद, जेल से निकला और पत्नी की ले ली जान; प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। मुबारकपुर कुदुरतुल्ला बाजार में सोमवार शाम एक युवक ने अपनी पत्नी की बीच सड़क चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार होने के बजाय किराये के मकान से अपनी छह महीने की बेटी को गोद में लेकर घटनास्थल पर ही खड़ा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका कुसुम विश्वकर्मा (30) अपने पति हनी राम के साथ किराये के मकान में रहती थी। कुसुम घर में ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जबकि हनी राम ऑर्केस्ट्रा संचालक था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक महिला ने हनी राम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसी मामले में कुसुम भी शिकायतकर्ता महिला के साथ थाने गई थी। पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए हनी राम को जेल भेज दिया था, जहां से जमानत पर छूटने के कुछ घंटे बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पत्नी का पीछा करते हुए बाजार में करीब 100 मीटर तक दौड़ाया और फिर चाकू से गले पर कई वार कर दिए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुसुम ने पहले पति से अलग होने के बाद हनी राम के साथ प्रेम संबंध बनाए थे। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज की और किराये के मकान में रहने लगे। फिलहाल पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Check Also

यूपी में करोड़ों की ठगी का मामला: पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने मेरठ से पकड़ा

किसानों से होटल और फैक्टरी के नाम पर जमीन खरीदने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *