Tuesday , September 15 2026

बिजनौर में सनसनीखेज वारदात: दंपती की हत्या के बाद पति को फंदे पर लटकाया, पत्नी को पेड़ से बांधा

बिजनौर के जलालपुर काजी में पति-पत्नी के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से सनसनी फैल गई। सोमवार को खेत पर चारा और लकड़ी लेने गए 45 वर्षीय देशराज उर्फ छोटे और उनकी पत्नी सुषमा देर तक घर नहीं लौटे। मंगलवार को तलाश के दौरान सुषमा का शव गंगा के पानी में गिरे पेड़ से बंधा मिला, जबकि करीब डेढ़ किलोमीटर दूर देशराज का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला।

दोनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

खेत में मिलीं चप्पलें और खून के निशान

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे देशराज अपनी पत्नी सुषमा के साथ गंगा खादर स्थित खेत पर चारा और लकड़ी लेने गया था। दोपहर बाद तक दोनों घर नहीं लौटे तो उनकी बेटी कामिनी ने छोटे भाई हनी को खेत पर भेजकर दोनों की तलाश कराई।

हनी को खेत में उसके माता-पिता नहीं मिले। खेत के पास चकरोड पर उसकी मां की चप्पल पड़ी थी, जबकि कुछ दूरी पर उसके पिता की चप्पल मिली। आसपास खून के निशान भी दिखाई दिए। यह देखकर हनी घबरा गया और उसने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी।

इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण गंगा खादर स्थित खेत पर पहुंचे। शुरुआत में ग्रामीणों ने किसी जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई और वन विभाग को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन सोमवार देर शाम तक दंपती का कोई पता नहीं चल सका।

गंगा में पेड़ से बंधा मिला सुषमा का शव

मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस के साथ दोबारा दंपती की तलाश शुरू की। गंगा के तट और पानी में तलाश के दौरान सुषमा का शव पानी में गिरे शहतूत के पेड़ में फंसा दिखाई दिया।

पुलिस ने पानी में उतरकर जांच की तो महिला का गला दुपट्टे से बंधा मिला। दुपट्टे के सहारे उसका शव पेड़ से बंधा हुआ था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया।

डेढ़ किलोमीटर दूर पेड़ पर लटका मिला पति

सुषमा का शव मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने देशराज की तलाश शुरू की। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक पेड़ पर देशराज का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, फंदा बाइक के क्लच के तार से बनाया गया था।

मौके पर देशराज के कपड़े नहीं मिले, जबकि उसके शरीर पर उसकी पत्नी की सलवार मिली। इस स्थिति ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है। पुलिस घटना के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से घटना के कारण या किसी आरोपी को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों शव

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक दंपती अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं।

पुलिस बोली- जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि महिला का शव गंगा से बरामद हुआ है, जबकि उसके पति का शव पेड़ पर लटका मिला। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही दोनों की मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Check Also

यूपी में करोड़ों की ठगी का मामला: पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने मेरठ से पकड़ा

किसानों से होटल और फैक्टरी के नाम पर जमीन खरीदने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *