Wednesday , November 25 2026
Breaking News

सुपरवाइजरों की नियुक्ति सूची पर विवाद, नगर आयुक्त के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे पार्षद

देहरादून नगर निगम में बुधवार को पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे से मिलने पहुंचे पार्षद सोहन सिंह रौतेला ने अस्थायी रूप से नियुक्त किए जा रहे सुपरवाइजरों की सूची पर आपत्ति जताई। इस दौरान नगर आयुक्त और पार्षद के बीच बातचीत हुई, लेकिन बाद में विवाद बढ़ गया। पार्षदों ने नगर आयुक्त पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कार्यालय के गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया।

सुपरवाइजरों की नियुक्ति को लेकर जताई आपत्ति

जानकारी के अनुसार, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे बुधवार को नगर निगम में बाहर से आई एक कंपनी के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान पार्षद सोहन सिंह रौतेला नगर निगम पहुंचे और नगर आयुक्त से मुलाकात करने की बात कही। नगर आयुक्त ने बैठक के दौरान ही पार्षद को अपनी बात रखने के लिए अंदर बुला लिया।

बातचीत के दौरान पार्षद ने अस्थायी रूप से नियुक्त किए जा रहे सुपरवाइजरों की सूची पर आपत्ति जताते हुए विरोध किया। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित आदेश को निरस्त करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पत्र जारी कर इंटरव्यू भी निरस्त कर दिया गया है।

अनपढ़ कहने का आरोप, गेट के बाहर धरने पर बैठे पार्षद

दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया। पार्षदों का आरोप है कि नगर आयुक्त ने पार्षद को अनपढ़ कहा। इस आरोप के बाद अन्य पार्षद भी नगर निगम कार्यालय पहुंच गए और नगर आयुक्त के कार्यालय के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए।

वहीं, नगर आयुक्त का कहना है कि उन्होंने किसी पार्षद के लिए अनपढ़ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। उन्होंने पार्षदों की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया।

Check Also

अंकिता भंडारी मामले में नार्को टेस्ट की तैयारी: पूर्व विधायक सुरेश राठौर गांधीनगर पहुंचेगे, रवाना होने से पहले वीडियो जारी

अंकिता भंडारी प्रकरण की जांच के सिलसिले में पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर गुजरात के ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *