Wednesday , October 7 2026

गोरखपुर में सीआईएसएफ जवान की हत्या: सिर पर गंभीर चोट के निशान, पोस्टमार्टम से खुला राज

गीडा थाना क्षेत्र के कालेसर जीरो प्वाइंट स्थित बोक्टा-बरवार बांध के किनारे रविवार देर रात मृत मिले सीआईएसएफ जवान परमबीर यादव (38) की मौत सिर पर चोट लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की जांच तेज कर दी है। जवान के पिता दिनेश चंद्र यादव की तहरीर पर गीडा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस अब हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों की तलाश कर रही है।

छुट्टी लेकर गांव लौट रहे थे जवान

बाघागाड़ा निवासी परमबीर यादव की तैनाती धनबाद में थी। उनके भाई धर्मबीर के मुताबिक, परमबीर रविवार को छुट्टी लेकर गांव लौट रहे थे। ट्रेन छूट जाने के कारण उन्होंने किराये की गाड़ी से घर आने का फैसला किया था।

रविवार देर रात करीब 12 बजे कालेसर जीरो प्वाइंट के पास बोक्टा-बरवार बांध के किनारे परमबीर अचेत अवस्था में मिले। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जवान की जेब से मिले सीआईएसएफ पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान हुई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस और सीआईएसएफ जवानों की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पिता दिनेश चंद्र यादव ने मुखाग्नि दी।

परिवार करता रहा फोन, नहीं मिला जवाब

परमबीर के भाई धर्मबीर ने बताया कि उनके पिता दिनेश चंद्र यादव भी सीआईएसएफ में एसआई के पद पर तैनात हैं और फिलहाल पटना एयरपोर्ट पर ड्यूटी कर रहे हैं। घटना की रात परिवार के लोग परमबीर के मोबाइल पर लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

काफी देर बाद एक पुलिसकर्मी ने फोन रिसीव कर परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद धर्मबीर घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां परमबीर का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

बेटी से बात नहीं हो सकी

परमबीर की पत्नी प्रतिमा यादव ने बताया कि गांव के लिए निकलने से पहले उनके पति ने फोन कर घर आने की जानकारी दी थी। उन्होंने बेटी रिया से भी बात कराने को कहा था, लेकिन उस समय वह सो रही थी।

इसके बाद पत्नी उनके फोन का इंतजार करती रहीं। प्रतिमा के मुताबिक, उन्होंने रात में करीब 55 बार पति के मोबाइल पर कॉल की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। बाद में उन्हें देवर के जरिए परमबीर के अस्पताल में होने की जानकारी मिली।

किराये की गाड़ी और सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस परमबीर के धनबाद से गांव आने के लिए इस्तेमाल की गई किराये की गाड़ी की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि गाड़ी में परमबीर के अलावा कौन-कौन सवार था और रास्ते में वाहन किन स्थानों पर रुका।

कालेसर और आसपास के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इससे गाड़ी की आवाजाही और उसमें सवार लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

गीडा की सीओ आभा सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और मृतक के संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला: आशा कार्यकर्ताओं का भत्ता दोगुना, शुरू हुईं कई स्वास्थ्य योजनाएं

दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने वाली आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *