उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति की हत्या का मामला सामने आया है। लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में 28 सितंबर को तालिब (30) की मौत हो गई थी। उसकी पत्नी इलमा (27) ने परिजनों को बताया था कि तालिब की मौत हार्ट अटैक से हुई है। इसके बाद परिजनों ने शव को मुजफ्फरनगर स्थित पैतृक गांव ले जाकर दफना दिया।
शव दफनाते समय परिजनों को तालिब की गर्दन समेत शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर मामले की जांच की मांग की। परिजनों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान इलमा ने हत्या की बात कबूल की। पुलिस को कथित कबूलनामे का वीडियो भी सौंपा गया है।
मोबाइल रिकॉर्डिंग से गहराया शक
परिजनों ने बताया कि तालिब का मोबाइल पहले नहीं मिला था। दो अक्तूबर को तलाशी के दौरान मोबाइल कपड़ों में छिपा मिला। मोबाइल में इलमा और अमन के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली, जिसके बाद दोनों के संबंधों को लेकर शक गहरा गया।
पुलिस के अनुसार, रिश्तेदारों ने अमन के साथ इलमा के संबंधों की जानकारी होने की बात भी बताई है। अमन फतेहउल्लापुर रोड स्थित एक ब्यूटी स्टूडियो का संचालक बताया जा रहा है।
इलमा ने पूछताछ में क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, इलमा ने बताया कि 28 सितंबर को विवाद के दौरान तालिब ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद उसने अमन को फोन कर बुलाया। आरोप है कि अमन अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में इलमा ने दावा किया कि उसने तालिब के पैर पकड़े, अमन के दोस्त ने उसके हाथ पकड़े और अमन ने दुपट्टे से उसका गला दबाया। इसके बाद तालिब की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए निकाला जाएगा शव
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तालिब के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन से अनुमति ले ली गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi