उत्तर प्रदेश के महराजगंज स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय आवासीय विद्यालय में रविवार को उस समय हंगामा मच गया, जब छात्रों को परोसे गए भोजन में मरा हुआ मेंढक मिला। घटना के बाद छात्रों ने खाना खाने से इनकार कर दिया और अपने कमरों में लौट गए।
चने की सब्जी में मिला मेंढक
जानकारी के अनुसार, धनेवा स्थित नवोदय विद्यालय के छात्रावास में रविवार दोपहर मेन्यू के अनुसार चने की सब्जी और पूड़ी बनाई गई थी। छात्र भोजन करने बैठे थे। इसी दौरान एक छात्र की थाली में चने की सब्जी के अंदर मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया।
मेंढक मिलने की जानकारी मिलते ही अन्य छात्रों में भी नाराजगी फैल गई। बच्चों ने भोजन करना बंद कर दिया और अपने कमरों में चले गए।
प्राचार्य ने नष्ट कराई सब्जी
मामले की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्राचार्य धीरज कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सब्जी को नष्ट कराया और छात्रों के लिए दोबारा भोजन तैयार करवाया। इसके बाद छात्रों ने भोजन किया।
डीएम ने बताया गंभीर मामला
मामले को लेकर महराजगंज के जिलाधिकारी और नवोदय विद्यालय समिति के अध्यक्ष गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि उन्हें अभी घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो यह गंभीर लापरवाही है और प्राचार्य से मामले की जांच कराई जाएगी।
घटना के बाद विद्यालय में छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi