Monday , August 17 2026

UGC-NET: प्रश्नपत्र में गलतियां और सवाल रिपीट होने से मचा हड़कंप, अंग्रेजी- कॉमर्स की परीक्षा 9 सितंबर को

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने यूजीसी-नेट जून 2026 के अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद से जुड़ी कई खामियां सामने आई थीं। पुनर्परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

9 और 10 सितंबर को होगी पुनर्परीक्षा

NTA के शेड्यूल के अनुसार अंग्रेजी की परीक्षा 9 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसी दिन कॉमर्स की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।

प्रश्नपत्र में मिलीं कई तरह की गलतियां

एनटीए के अनुसार, शिकायतों के बाद गठित समिति ने तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों की जांच की। इसमें विद्वानों के नाम और किताबों के शीर्षक गलत लिखे जाने, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी त्रुटियां, भाषा एवं व्याकरण की गलतियां और गैर-मानक शब्दों के इस्तेमाल जैसी खामियां मिलीं। कुछ सवाल पहले भी पूछे जा चुके थे।

एनटीए ने माना कि इतनी खामियों को केवल चैलेंज प्रक्रिया के जरिए सवाल हटाकर ठीक करना संभव नहीं है। इसलिए तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया है।

84 विषयों के परिणाम तय कार्यक्रम के अनुसार

बाकी 84 विषयों के लिए परिणाम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी किए जाएंगे। इन विषयों के जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता और पीएचडी प्रवेश से जुड़े परिणामों पर तीन विषयों की पुनर्परीक्षा का असर नहीं पड़ेगा।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से दी जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपडेट के लिए केवल NTA और UGC-NET की आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें।

Check Also

चार्जिंग के दौरान फटी ई-रिक्शा की बैटरी, आग की चपेट में आई इमारत; दो लोगों ने गंवाई जान

दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में सोमवार तड़के ई-रिक्शा की बैटरी फटने से चार मंजिला ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *